- Home
- /
- लंदन से आ रहे विमान की अहमदाबाद में...
लंदन से आ रहे विमान की अहमदाबाद में हुई लैंडिंग, पहली ही बारिश में बेहाल मुंबई

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मानसून से पहले हुई बरसात ने गुरूवार को मुंबई की रफ्तार धीमी कर दी। कई निचले इलाकों में जलजमाव हो गया। लोकल ट्रेनों, हवाई उड़ानों और यातायात पर भी इसका असर पड़ा। मुंबई की तैयारी के तमाम दावों की पोल मानसून से पहले ही खुल गई। गुरूवार दोपहर महानगर में करीब एक घंटे तेज बारिश हुई, जिसके बाद हिंदमाता, दादर टीटी सर्कल सायन, किंगसर्कल जैसे कई निचले इलाकों में जल जमाव हो गया। कुछ इलाकों में गाड़ियों की आवाजाही रोकनी पड़ी। लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुईं और करीब 20 मिनट देरीं से चलीं। खराब मौसम के चलते लंदन से मुंबई की जेट एयरवेज की फ्लाइट अहमदाबाद में उतारनी पड़ी।
शुक्रवार कोंकण पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक मुंबई और आसपास के इलाकों में हो रही बरसात मानसून से पहले की बारिश है। मानसून गोवा तक पहुंच गया है। गुरूवार को जारी बयान में मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि शुक्रवार तक मानसून दक्षिण महाराष्ट्र और कोंकण में दाखिल होगा, जबकि 48 से 72 घंटों में इसके मुंबई पहुंचने की संभावना है। शुक्रवार, शनिवार और रविवार को मुंबई में भारी बरसात का अनुमान बरकरार है। इसके चलते बीएमसी अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गईं हैं।
नाले में गिरने से दो साल के बच्चे की मौत
मानखुर्द के चीता कैंप इलाके में एक दो साल के बच्ची की नाले में डूबने से मौत हो गई। हादसे में अपनी जान गंवाने वाले बच्चे का नाम अरिहंत परवेज तांबोली है। हादसा गुरूवार दोपहर ढाई बजे के करीब हुआ। घर के पास एमजे मार्ग पर स्थित मल्लिक ज्वेलर्स की दुकान के सामने खेलते-खेलते तांबोली नाले में गिर गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद मनपा कर्मियों ने उसे बाहर निकाला और शताब्दी अस्पताल ले गए। लेकिन दाखिल करने से पहले डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी साल 26 मार्च को भी इस इलाके में शिवा भोसले नाम के पांच साल के बच्चे की बच्चे की नाले में गिरने के चलते मौत हो गई थी।
Created On :   7 Jun 2018 8:06 PM IST