हर सांस को सुरक्षित करने पौधारोपण जरूरी

Plantation is necessary to protect every breath
हर सांस को सुरक्षित करने पौधारोपण जरूरी
हर सांस को सुरक्षित करने पौधारोपण जरूरी

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  हर सांस को सुरक्षित करने के लिए पौधारोपण करना जरूरी है। आसपास जितने अधिक पौधे होंगे स्वास्थ्य उतना ही बेहतर रहेगा। कोरोनाकाल में ऑक्सीजन की कमी के कारण कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। कई परिवारों ने ऑक्सीजन की कमी से होने वाले नुकसान को महसूस किया है। शहर को ऑक्सीजन युक्त बनाने की संकल्पना को लेकर दैनिक भास्कर द्वारा "पौधे अपने परिजन" की शुरुआत की गई। मुहिम का शुभारंभ महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी द्वारा किया गया था। इसके पश्चात पौधारोपण अभियान को एक नई दिशा मिली। दैनिक भास्कर की "पौधे अपने परिजन" के अंतर्गत सोमवार को न्यू इरा हॉस्पिटल में पौधारोपण किया गया। हॉस्पिटल के न्यूरोसर्जन डॉ. नीलेश अग्रवाल, कार्डियक सर्जन डॉ. आनंद संचेती, सीनियर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. निधिश मिश्रा और फिजिशियन व कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. कीर्ति तन्ना ने नीम के पौधे रोपकर इस मुहिम को आगे बढ़ाया। कार्यक्रम का संचालन प्रफुल्ल नटिये व आभार कोमल पवार ने माना।

पेड़ लगाने के कई फायदे : डॉ. आनंद संचेती ने कहा कि पेड़ लगाने के बहुत सारे फायदे हैं। पेड़ लगाने का एक मुख्य लाभ यह है कि पेड़ हमें जीवन देने वाली ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। ऑक्सीजन के बिना जीवित प्राणियों का अस्तित्व संभव नहीं है। पेड़ लगाना भी आवश्यक है, क्योंकि उनमें हानिकारक गैसों को अवशोषित करने की शक्ति होती है। पेड़ न केवल पक्षियों और जानवरों को आश्रय प्रदान करते हैं, बल्कि गर्मी के दिनों में चिलचिलाती धूप से यात्रियों को राहत भी देते हैं। पेड़-पौधों के बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती।

वर्तमान के साथ भविष्य में भी पौधारोपण का फायदा
डॉ नीलेश अग्रवाल ने दैनिक भास्कर की "पौधे अपने परिजन" मुहिम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस मुहिम से लोग जागरूक हो रहे हैं। पौधारोपण को भविष्य का फायदा बताते हुए उन्होंने कहा कि पौधे हमारा भविष्य हैं, इसको रोपित करने में औपचारिकता न निभाएं। पर्यावरण को स्वस्थ करने वाले पौधे रोपित करें, जिससे हमारे साथ आने वाली पीढ़ी को भी इसका फायदा मिल सके। आज हम देखते हैं कि गांव के लोग ज्यादा स्वस्थ होते हैं, क्योंकि गांव में पौधे अधिक होते हैं। 

जहां ज्यादा पेड़ होते हैं, वहां अधिक ऑक्सीजन मिलती  
डॉ. कीर्ति तन्ना ने कहा कि जहां पेड़ ज्यादा होते हैं, वहां ऑक्सीजन अधिक मिलती है। नीम का पौधा लगाने की मुहिम की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि नीम के पेड़ में कई औषधीय गुण होते हैं। नीम का पेड़ एक तरह से नेचुरल प्यूरीफायर है। नीम के पेड़ को एवरग्रीन पेड़ कहा जाता है। नीम का पेड़ लगाने से आसपास की हवा में मौजूद बैक्टीरिया मर जाते हैं। ये बड़ी मात्रा में ऑक्सीजन उत्पादित कर सकता है।


 

Created On :   27 July 2021 3:55 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story