- Home
- /
- चुनाव की तैयारी में भाजपा, PM मोदी...
चुनाव की तैयारी में भाजपा, PM मोदी का मंत्रियों को निर्देश- चुनावी राज्यों में प्राथमिकता के आधार पर करें काम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अगले साल उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन चुनावों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सभी मंत्रियों को अहम निर्देश दिए हैं। पीएम मोदी ने मंत्रियों से कहा है कि वह चुनावी राज्यों में सभी प्रस्तावित कामों को प्राथमिकता के आधार पर लें।
प्रधानमंत्री मोदी के निर्देश के बाद सभी मंत्रालय रोजाना के आधार पर बैठकें कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में कामों पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही विकास के कार्यों को लेकर लिस्ट भी तैयार की जा रही है। अगले साल देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के अलावा पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में विधानसभा के चुनाव होने हैं।
इस कड़ी में उत्तर प्रदेश में सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की ओर से सभी छह क्षेत्रों में 98 संगठनात्मक जिला इकाइयों के प्रभारी घोषित कर दिए। पश्चिम में 19, ब्रज में 19, कानपुर में 17, अवध में 15, काशी में 16 और गोरखपुर क्षेत्र में 12 प्रभारी बनाए गए हैं।
बता दें कि हाल ही में एबीपी-सी वोटर ने इन राज्यों में सर्वे किया है। सर्वे के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में बीजेपी को 259 से 267 सीटें मिल सकती हैं। इसके अलावा समाजवाद पार्टी को 109-117 सीटें, बीएसपी को 12-16 सीटें, कांग्रेस को 3-7 सीटें और अन्य को 6-10 सीटें मिल सकती हैं।इसके अलावा, पंजाब में आम आदमी पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर सकती है। पंजाब में विधानसभा कि 117 सीटें हैं। आप को 51 से 57 सीटें मिल सकती हैं। वहीं कांग्रेस को 38 से 46, एसएडी को 16 से 24, बीजेपी और अन्य को 0 से एक सीट मिल सकती है।
Created On :   7 Sept 2021 12:33 PM IST












