- Home
- /
- मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर जल्द...
मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर जल्द शुरू होगा पॉड होटल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कई देशों में लोकप्रिय हो चुके पॉड होटल जल्द ही मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों के लिए भी उपलब्ध होंगे। सिर्फ कुछ घंटों का समय बिताने और आराम करने के इच्छुक यात्रियों के लिए यह एक बेहतरीन विकल्प होगा। यहां 1999 रुपए खर्च कर 24 घंटे की सुविधा ली जा सकती है। आईआरसीटीसी जल्द ही अर्बन पॉड प्रायवेट लिमिटेड कंपनी के साथ मिलकर यह सेवा शुरू करने जा रहा है। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि पॉड कांसेप्ट रिटायरिंग रूम बेहद आधुनिक और परिष्कृत होगा। टेंडर के आधार पर 9 साल के लिए रिटायरिंग रूम के स्थापना, संचालन और प्रबंधन का ठेका दिया गया है। मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन इमारत की पहली मंजिल पर पॉड होटल बनाया गया है। यह करीब 3 हजार वर्ग फुट में बना है और इसमें इस महीने के अंत तक इसे यात्रियों के लिए शुरू किया जाएगा।
क्या है पॉड होटल
पॉड होटल सबसे पहले जापान में विकसित हुए है। यह एक कैप्सूल होटल है जिसे अब पॉड होटल के नाम से ज्यादा लोकप्रिय है। जिन लोगों को कभी भी सिर्फ कुछ घंटे रुकने हैं और वे मंहगे होटलों पर पैसे नहीं खर्च करना चाहते उन लोगों में पॉड होटल बेहद लोकप्रिय है। इसमें बिस्तर के आकार के ही कमरे होते हैं। पॉड होटल में मुफ्त वाईफाई, लगेज रूम, शौचालय, स्नानघर, टीवी, छोटे लॉकर, आईने, एयरकंडिशनर, रीडिंग लाइट की भी सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा मोबाइल चार्ज करने की सुविधा मिलेगी।
48 पॉड में बनाई गई तीन श्रेणियां
मुंबई सेंट्रल में तैयार पॉड होटल में 48 कमरे हैं जिन्हें तीन श्रेणियों में बांटा गया है। 30 क्लासिक पॉड होंगे, 10 प्रायवेट पॉड, महिलाओं के लिए 7 पॉड और दिव्यांगों के लिए एक पॉड की सुविधा उपलब्ध होगी। दिव्यांग के लिए बनाए गए पॉड में दो और लोग ठहर सकते हैं साथ ही उसमें स्वील चेयर ले जाने की भी व्यवस्था है। पॉड में 12 घंटे ठहरने के लिए 999 रुपए जबकि 24 घंटे के लिए 1999 रुपए खर्च करने होंगे।
Created On :   23 Oct 2021 8:09 PM IST