- Home
- /
- बिहार से लाकर बेचते थे पिस्टल, ...
बिहार से लाकर बेचते थे पिस्टल, गिरोह को पुलिस ने दबोचा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बिहार से पिस्टल सहित अन्य घातक शस्त्र लाकर बेचने वाले गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पांचपावली पुलिस ने नागपुर और यवतमाल में हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह के 5 आरोपियों को को पकड़कर उनके पास से 5 पिस्टल, 23 जीवित कारतूस, 7 मैगजीन, दो चाकू और दोपहिया वाहन सहित करीब 2 लाख 18 हजार रुपए का माल जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सिकंदर उर्फ सोनू शरीफ खान (25) महेंद्र नगर टेका, सद्दाम खान अजीज खान (23) नया नकाशा लष्करीबाग, मोहिब खान फजल खान (26) किदवई ग्राउंड नया नकाशा लष्करीबाग, सलमान आरिफ अंसारी अब्दुल जमील अंसारी (25) और प्रज्वल उर्फ सन्नी अत्तरसिंह चव्हाण (25) नालंदा नगर यवतमाल निवासी शामिल है। इन आरोपियों को अदालत के समक्ष पेशकर 20 फरवरी तक पुलिस रिमांड प्राप्त की है। यह आरोपी बिहार के हथियार तस्कर माल खरीदकर बेचा करते थे। फिलहाल नागपुर और यवतमाल में माउजर (पिस्टल) बेचने का खुलासा हुआ है। यह जानकारी गुरुवार को सिविल लाइंस स्थित पुलिस आयुक्तालय में आयोजित पत्र परिषद में पुलिस परिमंडल क्रमांक-3 के उपायुक्त राहुल माकणीकर ने दी।
यवतमाल का है आरोपी सन्नी
आरोपी सिकंदर, सद्दाम, मोहिब और सलमान ने पूछताछ के दौरान यवतमाल निवासी सन्नी उर्फ प्रज्वल चव्हाण का नाम उजागर किया। पांचपावली पुलिस ने यवतमाल पहुंचकर सन्नी को दबोच लिया। सन्नी से दो पिस्टल, एक खाली मैगजीन और 22 जीवित कारतूस जब्त किए गए। सन्नी यवतमाल में मछली के तालाबों का ठेका लेता है। साथ ही हथियारों की तस्करी में लिप्त था। इन सभी आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि इन्होंने पांचपावली क्षेत्र में एक व्यक्ति को और पिस्टल बेचा है। पुलिस जब उस ठिकाने पर पहुंची तब आरोपी नहीं मिला लेकिन कमरे की तलाशी के दौरान एक पिस्टल और एक जीवित कारतूस मिला। इस फरार आरोपी की तलाश पुलिस कर रही है। हथियारों की तस्करी का यह कारोबार बिहार से जुड़ा है। इन आरोपियों को बिहार का हथियार तस्कर माल लाकर देता था। उसके बाद यह उसे बेचते थे।
30-35 हजार में पिस्टल की सौदेबाजी
ग्राहक देखकर आरोपी पिस्टल की बिक्री करते थे। यह 30-35 हजार रुपए में पिस्टल का सौदा करते थे। यवतमाल के आरोपी सन्नी को पकड़ने के लिए पुलिस कर्मियों को अपना हुलिया तक बदलना पड़ा। पकड़े गए नागपुर के सभी आरोपी एक-दूसरे के दोस्त हैं। सलमान पानठेला चलाता है। अन्य आरोपियों का रिकार्ड पुलिस खंगाल रही है। इन आरोपियों ने नागपुर, यवतमाल के अलावा अन्य जगह पर पिस्टल बेची होगी। सद्दाम और सलमान का पुलिस से इससे पहले पाला पड़ चुका है। अन्य आरोपियों का भी पुलिस से इसके पहले सामना हो चुका है।
Created On :   16 Feb 2018 4:20 PM IST