नौ माह से चकमा दे रहे चोरों को पुलिस ने दबोचा, माल बरामद

Police caught thieves who were dodging for nine months, goods recovered
नौ माह से चकमा दे रहे चोरों को पुलिस ने दबोचा, माल बरामद
नौ माह से चकमा दे रहे चोरों को पुलिस ने दबोचा, माल बरामद

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नया पुलिस स्टेशन अंतर्गत चोरी की दो वारदातों को अंजाम देने के बाद पुलिस को चकमा दे रहे चार चोरों को पुलिस ने 9 माह बाद गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। चोरों ने नागपुर रोड पर स्थित लोकविहार ऑरेंज सिटी में 15 अक्टूबर 2020 की रात चोरी की वारदात अंजाम दिया था। इस मामले में लोकविहार निवासी पीड़ित आशीष रामचंद्र भंडारकर (35) ने शिकायत दर्ज कराई थी। इसी प्रकार 15 जून 2021 को महावीर नगर रनाला में हुई चोरी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। दोनों मामलों में पुलिस को चोरों की तलाश थी। गिरफ्तार चोरों से 8 लाख 74 हजार रुपए का माल जब्त किया गया है। गौरतलब है कि, पुलिस ने साइबर क्राइम की मदद से मध्यप्रदेश के धार जिला और अलीराजपुर से इन चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी चार आरोपियों को पुलिस ने 14 जुलाई तक रिमांड पर लिया है। आरोपियों ने रनाला के महावीर नगर में  भी 15 जून 2021 को चोरी की बात स्वीकार की है। 

8.74 लाख का माल जब्त
पकड़े गए आरोपियों में अजय नजरु मंडलोई (21), पटेलपुरा, ग्राम पिपलवा, जिला धार, मध्यप्रदेश, आलम सिंह सुर सिंह भूरिया (35) बुडारिया, जिला धार, मध्यप्रदेश, रमेश नरसिंह चौहान (32), ग्राम पिपलदालिया, पुलिस स्टेशन तांडा, मध्यप्रदेश और कमलेश गणेश प्रजापति (34), ग्राम बोरी, जिला अलीराजपुर, मध्यप्रदेश निवासी है। पुलिस ने आरोपियों से 152 ग्राम सोना (कीमत 7.60 लाख) , 1,260 ग्राम चांदी (कीमत 64 हजार), चोरी में उपयोग में लाई गई मोटरसाइकिल (कीमत 50 हजार), इस प्रकार कुल 8 लाख 74 हजार 400 रुपए का माल जब्त किया है।

करीब 80 सीसीटीवी की ली मदद
इन चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस ने लगभग 80 सीसीटीवी कैमरों की मदद ली। जिसमें आरोपियों के भागने का सुराग मिला। आरोपी चोरी करने के बाद एक ऑटो से गणेशपेठ बस स्टैंड गए थे। पुलिस ने पहले ऑटो चालक को पकड़ा। ऑटो चालक ने पुलिस को बताया कि, वे वड़ोदा जाने की बात कर रहे थे। चलते ऑटो में उन्होंने किसी से फोन पर बात भी की थी। 

बार-बार दे रहे थे चकमा
पुलिस ने सुराग के आधार पर दो बार मध्यप्रदेश जाकर चोरों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया, लेकिन वे पुलिस को चकमा देने में सफल हो रहे थे। आखिरकार पुलिस ने साइबर एक्सपर्ट की मदद ली और 9 माह बाद मध्यप्रदेश से सभी चार चोरों को दबोचने में सफलता प्राप्त की। कार्रवाई जोन 5 के डीसीपी नीलोत्पल, एसीपी रोशन पंडित के मार्गदर्शन आैर सहायक पुलिस निरीक्षक सुरेश कन्नाके के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।

अनजान व्यक्ति को काम पर न रखें
मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में यह चोर अपनी जरूरत बताकर काम मांगते हैं और काम करते समय यह बंद घरों की ताक में रहते हैं। रात में यह चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। किसी भी अनजान व्यक्ति को काम देते समय अथवा काम पर रखते समय उसकी पूरी जानकारी लेकर पुलिस विभाग को सूचित करें।  -विजय मालचे, निरीक्षक, नया पुलिस स्टेशन, कामठी

Created On :   14 July 2021 1:11 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story