- Home
- /
- पुलिस ने दोपहिया चोरों को दबोचा ,...
पुलिस ने दोपहिया चोरों को दबोचा , चार वाहन जब्त

डिजिटल डेस्क, अमरावती। शहर के खोलापुरी गेट के थानेदार गजानन तामटे के दल ने दो मोटर साइकिल चोर को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी के चार दोपहिया वाहन जब्त कर लिए। आरोपियों के नाम महाजनपुरा निवासी शुभम गणेश बोरकर (25) आैर कांडलकर प्लॉट निवासी कृष्णा दशरथ उगले (19) है। बताया जाता है कि खोलापुरी गेट थाना क्षेत्र के अकोली परिसर निवासी तिलेश्वर बबनराव फुंडे नामक व्यक्ति की 18 मई की देर रात घर के पास गाय के तबेले के सामने खड़ी एम.एच.27-सीई-7537 क्रमांक की दोपहिया चोरी हो गई थी।
इस मामले की शिकायत खोलापुरी गेट थाने में दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। इसी के साथ शहर में बढ़ रही दोपहिया चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस आयुक्त डॉ. आरती सिंह ने शहर के सभी थानेदारों की बैठक लेकर उन्हें वाहन चोरों का पता लगाने आैर चोरी की घटनाआें पर रोकने के निर्देश दिए थे। इसके तहत आयुक्तालय परिक्षेत्र में वाहन चोरों की तलाश जारी थी। खोलापुरी गेट के थानेदार गजानन तामटे को मिली जानकारी के आधार पर पुलिस दल ने परिसर के दो युवकों को कब्जे में लेकर उनसे पूछताछ की तो दोनों युवकों ने चार वाहन चोरी की घटना कबूल की। पुलिस ने चारों वाहन जब्त कर लिए हैं। आरोपियों से वाहन चोरी की आैर भी घटनाएं उजागर होने की संभावना पुलिस ने जताई है। मामले की जांच खोलापुरी गेट पुलिस कर रही है।
Created On :   23 Jun 2022 3:14 PM IST