अभिनेत्री ऋचा चड्ढा के खिलाफ पुलिस से शिकायत

Police complaint against actress Richa Chadha
अभिनेत्री ऋचा चड्ढा के खिलाफ पुलिस से शिकायत
सोशल मीडिया पर सेना के खिलाफ टिप्पणी अभिनेत्री ऋचा चड्ढा के खिलाफ पुलिस से शिकायत

डिजिटल डेस्क , मुंबई। भारतीय सेना के खिलाफ सोशल मीडिया पर टिप्पणी के चलते अभिनेत्री ऋचा चड्ढा मुश्किल में फंस गई हैं। उनके खिलाफ मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है। निर्माता निर्देशक अशोक पंडित ने अपनी शिकायत में कहा है कि ऋचा ने गलवान घाटी में दुश्मन से मुकाबला करते हुए अपनी जान न्यौछावर करने वाले सेना के जवानों का अपमान किया है। इससे जवानों के परिवार वालों का भी अपमान हुआ है। यह आपराधिक हरकत है, उन्होंने मांग की है कि ऋचा के खिलाफ देश की सुरक्षा के खिलाफ साजिश के आरोप में एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए साथ ही इस बात की भी छानबीन होनी चाहिए कि उनके साथ दूसरे कौन से देशद्रोही लोगों की साठगांठ है।

दरअसल एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पाक अधिकृत कश्मीर के बारे में पूछे जाने पर भारतीय सेना के उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने जवाब में कहा था कि इस विषय में संसदीय संकल्प पहले से मौजूद है। इसमें नया कुछ नहीं है जहां तक भारतीय सेना की बात है। अगर सरकार आदेश देगी तो सेना उसका पालन करेगी और पाक अधिकृत कश्मीर वापस लेने के लिए जब भी आदेश दिए जाएंगे हम तैयार रहेंगे। इसी बयान से जुड़े बाबा बनारस नाम के एक एकाउंट के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए ऋचा ने लिखा था कि "गलवान हाय कहता है।" दरअसल भारत-चीन सीमा पर गलवान घाटी में चीनी घुसपैठ का विरोध कर रहे भारतीय सैनिकों और चीनी सैनिकों में झड़प हुई थी। इस दौरान 20 भारतीय जवान शहीद हो गए थे। चीन के कितने सैनिक मारे गए उसने इसका खुलासा नहीं किया था। हालांकि विवाद बढ़ने के बाद ऋचा ने माफी मांगते हुए अपना ट्वीट डिलीट कर दिया साथ ही उन्होंने कहा कि उनके रिश्तेदार भी भारतीय सेना में हैं।

ऋचा का करें बॉयकॉट
जाने माने लेखक, गीतकार मनोज मुंतशीर शुक्ला ने भी ऋचा के ट्वीट पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि कभी मैं गर्व से कहता था कि मैं हिंदी फिल्म उद्योग में काम करता हूं। लेकिन आज शर्मिंदगी होती है कि मैं उस उद्योग का हिस्सा हूं जहां ऐसी घिनौनी सोच पनाह लेती है। प्रिय बॉलीवुड अगर आप देशद्रोहियों का बॉयकॉट नहीं कर सकते तो अपने बॉयकॉट होने की शिकायत दोबारा मत करना। अभिनेता अक्षय कुमार ने भी ऋचा के ट्वीट पर नाराजगी जताई है।  

भाजपा ने साधा निशाना
भाजपा विधायक व प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता राम कदम ने सवाल किया कि क्या अभिनेत्री सुर्खियों में आने के लिए फौजी भाइयों का अपमान करेंगी। इन्हें क्या हो गया है। ये जवान अपने परिवार को छोड़कर दिन रात देश की सीमा पर खड़े हैं और हमारी रक्षा कर रहे हैं और जरूरत पड़ने पर अपनी जान कुर्बान करते हैं। एसी बंगले में बैठकर घिनौनी मानसिकता रखने वाली अभिनेत्री उनका समर्पण क्या समझेगी। सारा देश चाहता है कि वे हाथ जोड़कर देश के जवानों से माफी मांगे। 
 

Created On :   25 Nov 2022 10:49 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story