- Home
- /
- मरीजों की जान बचाने पुलिस कर्मचारी...
मरीजों की जान बचाने पुलिस कर्मचारी प्लांट से उठा ले गए ऑक्सीजन के सिलेंडर

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कामठी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती मरीजों की जान बचाने के लिए कुछ पुलिसकर्मी भरतिया मेडिकेयर सविर्सेस ऑक्सीजन प्लांट से 7 ऑक्सीजन सिलेंडर उठा ले गए। कंपनी के मालिक बी.सी.भरतिया ने इस संबंध में जब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से बात की, तो उन्होंने प्लांट में पहुंच कर जायजा लिया। इस बीच कंपनी में करीब 2 घंटे ऑक्सीजन का उत्पादन ठप रहा। तब पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने पहल कर मामले को सुलझाया, उसके बाद उत्पादन शुरू किया गया। उल्लेखनीय है कि अस्पताल में लगे ऑक्सीजन सिलेंडर में ऑक्सीजन की कमी होता देख डॉक्टरों ने पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन कर दिया था। उसके बाद कुछ पुलिस वाले सोमवार को तड़के करीब 3 बजे कंपनी में पहुंचे और सिलेंडर ले जाकर मरीजों की जान बचाई।
मची हुई थी अफरा-तफरी : सूत्रों के अनुसार उत्तर नागपुर में उद्योजक बी. सी. भरतिया का भरतिया मेडिकेयर सर्विसेस नामक ऑक्सीजन प्लांट है। सोमवार की तड़के कुछ पुलिस वाले प्लांट में पहुंचे और शिफ्ट इंचार्ज से ऑक्सीजन सिलेंडर के बारे में पूछताछ कर 7 सिलेंडर कब्जे में लेकर चले गए। वहां के कर्मचारियों ने विरोध किया, तो पुलिस वाले ऑपरेटर सहित दो लोगों को भी साथ लेकर गए। इसके चलते अचानक मशीन बंद हो गई और आपूर्ति ठप हो गई। इससे अफरा-तफरी मच गई। यह जानकारी उद्योजक भरतिया को दी गई। सिलेंडर ले जानेवाले वास्तव में पुलिसवाले थे या नहीं, इस बारे में शंका होने पर भरतिया ने पुलिस आयुक्त से संपर्क किया, तो पता चला कि वह पुलिसवाले ही थे।
मरीजों की जान जोखिम में पड़ गई थी : क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त निलोत्पल ने मामले की जांच की, तो पता चला कि तिरपुडे अस्पताल में ऑक्सीजन समाप्त होने की कगार पर पहुंच गया था, इससे मरीजों की जान पर खतरा मंडराने लगा था। यह देखकर तिरपुडे अस्पताल के डॉक्टरों ने पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन कर दिया। उन्होंने पुलिस को ऑक्सीजन प्लांट के बारे में भी जानकारी दी। इसलिए मरीजों की जान बचाने के लिए पुलिस ने प्लांट से ऑक्सीजन सिलेंडर लाकर दिया। इस बीच दिन भर अफवाह रही कि पुलिस के वेश में कुछ असामाजिक तत्व आए और वे सिलेंडर उठा ले गए।
गलतफहमी दूर हो गई : इस मामले में कुछ गलतफहमी हो गई थी। वह सब दूर हो गई है। प्लांट का कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रशासन के आदेश के अनुसार ऑक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति की जाती रहेगी। -बी. सी. भरतिया, भरतिया मेडिकेयर सर्विसेस प्लांट
Created On :   20 April 2021 12:23 PM IST