- Home
- /
- गुड़िया निषाद मर्डर केस : लव...
गुड़िया निषाद मर्डर केस : लव ट्राइंगल के चलते हुई थी महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। गोरेगांव इलाके में हुई 34 वर्षीय गुड़िया निषाद की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी के एक शादीशुदा महिला गुड़िया के साथ-साथ इलाके में रहने वाली एक अन्य महिला से भी प्रेम संबंध थे। इसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने गुड़िया की गला रेतकर हत्या कर दी थी।
गिरफ्तार आरोपी का नाम तेजबहादुर बिंद (27) है। उत्तर प्रदेश के भदोही के भोरी का रहने वाला बिंद अपने गांव जा रहा था तभी उसे वाराणसी हवाईअड्डे के पास एपीआई शरद झीने की टीम ने दबोच लिया। पूछताछ में बिंद ने खुलासा किया कि उसके गुड़िया के आलावा इलाके में रहने वाली एक और महिला से भी प्रेम संबंध थे। इसकी भनक गुड़िया को लग गई थी इसलिए दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। शनिवार को गुड़िया अपने दो बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद उस महिला के घर पहुंची तो बिंद पहले से वहां मौजूद था। इस बात को लेकर दोनों में फिर विवाद हुआ। इसके बाद बिंद फिर गुड़िया के घर पहुंचा तो उसने उसे अंदर आने से रोकने की कोशिश की। इससे नाराज बिंद ने गुड़िया के गले पर चाकू से वार कर उसकी जान ले ली। पड़ोसियों ने गुड़िया की खून से लथपथ लाश देखने के बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी। छानबीन में पुलिस को पता चला कि गुड़िया के पति की गैरमौजूदगी में इलाके में ही चाय की दुकान चलाने वाला बिंद उसके घर में आता जाता था। वारदात के बाद से ही बिंद फरार था।
मामले की समानांतर जांच कर रही क्राइम ब्रांच लगातार उसे लताश रही थी लेकिन पुलिस से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था। बिंद को तलाश करते हुए पुलिस की टीम सूरत के उसके एक रिश्तेदार के घर पहुंची लेकिन वहां से थोड़ी देर पहले ही बिंद निकल चुका था। पुलिस को जानकारी मिली कि वह वाराणसी की ओर जा रहा है। जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर उसे दबोच लिया।
Created On :   27 Jun 2018 12:31 AM IST