- Home
- /
- बार्ज पी 305 से मिले शवों की पहचान...
बार्ज पी 305 से मिले शवों की पहचान के लिए डीएनए जांच का सहारा लेगी पुलिस

डिजिटल डेस्क, मुंबई । ताऊ ते तूफान के चलते समुद्र में डूबे जहाज बार्ज पी-305 में सवार कई लोगों के शवों की पहचान कर ली गई है लेकिन लंबे समय तक पानी में रहने के कारण अनेक शवों की शिनाख्त में दिक्कत आ रही है। इसलिए पुलिस ने डीएनए जांच के बाद ही इन शवों को उनके परिजनों को सौंपने का निर्णय किया है। पुलिस को अब तक 61 शव मिले हैं। यह जानकारी देते हुए मुंबई पुलिस के प्रवक्ता चैतन्य एस ने बताया कि 61 में से 31 शवों की पहचान कर ली गई है। 28 शवों को उनके परिजनों को सौप दिया गया है। जबकि 30 शवों की पहचान नहीं हो पायी हैं। इसलिए पुलिस ने इन शवों की पहचान के लिए इनके डीएनए के नमूने लिए हैं। ताकि जांच के बाद इनके शवों को उनके परिजनों का सौंपा जा सके।
गौरतलब है कि बार्ज पी 305 के कैप्टन और दूसरे आरोपियों को खिलाफ मुंबई पुलिस ने गैरइरादतन हत्या के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। बार्ज के इंजीनियर की शिकायत के आधार पर यह एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं समुद्र में गिरे लोगों की तलाश में जुटी नौसेना को दो और लोगों के शव मिले हैं। येलो गेट पुलिस स्टेशन में शिकायत के आधाार पर आईपीसी की धारा 304 (2), 388, 34 के तहत गैर इरादतन हत्या और जान जोखिम में डालने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की छानबीन की जा रही है। मामले में हादसे का शिकार हुए बार्ज पी-305 के कैप्टन राकेश बल्लव और दूसरे लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। बार्ज में 261 लोग सवार थे। इसमें से 186 लोगों को बचा लिया गया है। जबकि 61 लोगों के शव मिले हैं। जबकि 14 लोग अभी भी लापता हैं।
Created On :   22 May 2021 6:59 PM IST