- Home
- /
- आरोपी को पकड़ने गई पुलिस, पता चला...
आरोपी को पकड़ने गई पुलिस, पता चला वो 22 साल पहले मर चुका

डिजिटल डेस्क, नागपुर। आरोपियों ने 1977 में आपराधिक घटना को अंजाम दिया था। 44 साल बाद पुलिस उन्हें पकड़ने पहुंची, तो पता चला कि 22 वर्ष पहले उसमें से एक आरोपी की मौत हो चुकी है। पुलिस एक को पकड़ने में सफल रही। अपराध शाखा की टीम ने आरोपी को अंबाझरी पुलिस के सुपुर्द किया गया है।
यह है मामला : लक्ष्मण श्यामराव बोबड़े (44) वकीलपेठ निवासी ने 1977 में अंबाझरी थानांतर्गत मित्र नारायणशंकर यादवराव नेवारे और अशोक केशवराव टेकाम की मदद से आपराधिक घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में अंबाझरी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार भी किया था। जमानत पर छूटने के बाद आरोपी कभी कोर्ट में पेशी पर नहीं गए और पीड़ित ने भी कभी इस मामले की सुध नहीं ली। संबंधित कोर्ट ने प्रकरण में लिप्त आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कोर्ट के सामने पेश करने का आदेश दिया था।
लिहाजा पुलिस ने हरसंभव कोशिश की, मगर सफलता नहीं मिली। इस बीच, बुधवार को अपराध शाखा के हवलदार विलास चौबीतकर और सिपाही सुजीत देव्हारे लक्ष्मण के घर पहुंचे। उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद लक्ष्मण को साथ में लेकर वारदात में उसके साथी रहे अशोक टेकाम को गिरफ्तार करने उसके घर वकीलपेठ गए। वहां जाने पर अशोक की बहन कमलाबाई ने पुलिस को बताया कि अशोक का वर्ष 1999 में ही देहांत हो चुका है। मृत्यु प्रमाण-पत्र भी उसने पुलिस को दिखाया। इसके बाद सिर्फ लक्ष्मण को ही लेकर पुलिस अंबाझरी थाने आ गई।
Created On :   4 March 2021 10:14 AM IST