कामठी में सफेलकर की 8 और अवैध संपत्तियां सील करेगी पुलिस

Police will seal 8 more illegal properties of Safelkar in Kamathi
कामठी में सफेलकर की 8 और अवैध संपत्तियां सील करेगी पुलिस
कामठी में सफेलकर की 8 और अवैध संपत्तियां सील करेगी पुलिस

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कामठी के बदमाश रंजीत सफेलकर और उसके गिरोह पर पुलिस ने मकोका की कार्रवाई की है। सफेलकर और उसके गिरोह ने कई लोगों की संपत्ति हथिया कर वहां पर निर्माणकार्य किया है। इसमें कामठी रोड स्थित ‘राजमहल लॉन’ भी शामिल था। इस अवैध कार्य के बारे में सिंचाई विभाग को पता ही नहीं था, जब पुलिस ने सूचना दी, तब उन्हें पता चला कि रंजीत सफेलकर ने नहर पाट कर उसकी जगह पर कब्जा कर लिया था। कुख्यात अपराधी सफेलकर की कामठी क्षेत्र में 8 अवैध संपत्तियों के बारे में पुलिस को जानकारी मिली है। इन सभी संपत्तियों को पुलिस सील करेगी। फिलहाल इसकी कीमत करोड़ों में बताई जा रही हैं। 

अपराध शाखा पुलिस विभाग के उपायुक्त गजानन राजमाने के मार्गदर्शन में पिछले दिनों रंजीत सफेलकर और उसके गिरोह को मनीष श्रीवास की हत्याकांड में गिरफ्तार किया गया है। सफेलकर शहर के चर्चित आर्किटेक्ट एकनाथ निमगड़े हत्याकांड में भी शामिल है। उसी ने 5 करोड़ की सुपारी लेकर एकनाथ निमगड़े की हत्याकांड को अंजाम दिया। कामठी में 8 अवैध संपत्तियों के बारे में अपराध शाखा पुलिस को जानकारी मिलने पर उपायुक्त गजानन राजमाने ने राजस्व विभाग व अन्य संबंधित विभागों से पत्र व्यवहार किया है। राजमहल की तरह अन्य सभी अवैध संपत्तियों को जमींदोज किया जाएगा। 

8 करोड़ की जमीन पर बना ‘राजमहल’
रंजीत ने करीब 8 करोड़ रुपए की 4 एकड़ जमीन हथिया कर उस पर राजमहल लॉन खड़ा किया था। राजमहल के निर्माण के लिए सिंचाई विभाग की नहर को भी बुझा दिया था, जिससे नहर में पानी आना बंद हो गया था। इस बारे में पुलिस को तब पता चला, जब सफेलकर और उसके गिरोह के खिलाफ मकोका की कार्रवाई की गई। कामठी क्षेत्र में 8 और अवैध संपत्तियों पर जल्द कार्रवाई शुरू होगी। रंजीत पेशेवार कुख्यात अपराधी है। उसने कई राजनेताओं की छत्रछाया में अपार दौलत हथियाई है।

आंबेकर के तीन बंगलो पर चला था बुलडोजर
रंजीत सफेलकर की तरह संतोष आंबेकर ने भी कई लोगों की संपत्तियों पर अवैध कब्जा कर रखा था। संतोष आंबेकर ने सीए रोड पर दारोड़कर चौक में अवैध आलीशान बंगला बनाया था। आंबेकर की 8 अवैध संपत्तियों को पुलिस ने सील किया है। संतोष आंबेकर के जिस बंगले पर पुलिस ने मनपा के सहयोग से बुलडोजर चलवाया था, उसकी कीमत करीब 20 करोड रुपए आंकी गई थी। इस बंगले के पास ही आंबेकर ने खुद का 3 मंजिला इमारत में ऑफिस बनाया था। सूत्रों की मानें तो इसी ऑफिस से बैठकर संतोष आंबेकर अपने काले कारनामों को संचालित करता था। 

कभी अंडरवर्ल्ड के लोग बैठते थे
आंबेकर के इस बंगले व ऑफिस में कभी मुंबई अंडरवर्ल्ड के लोग आकर बैठा करते थे। आंबेकर का पहनावा छोटा शकील और छोटा राजन से काफी मेल खाता था। आंबेकर ने भी कुछ राजनेताओं के साथ कई कार्यक्रमों में मंच साझा किया था। आंबेकर की आठवण नामक 4 मंजिला इमारत को भी तोड़ा गया था। यह भी अवैध कब्जा कर बनाई गई थी। आज इस शहर के दो खूंखार अपराधी संतोष आंबेकर और रंजीत सफेलकर सेंट्रल जेल में सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं। 
 

Created On :   29 April 2021 12:22 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story