- Home
- /
- पूनम मॉल की होगी नीलामी, 32 करोड़...
पूनम मॉल की होगी नीलामी, 32 करोड़ प्रापर्टी टैक्स बकाया

डिजिटल डेस्क, नागपुर। प्रापर्टी टैक्स वसूलने मनपा ने सख्ती से वसूली तेज कर दी है। इसी कड़ी में वर्धमान नगर स्थित पूनम मॉल-आइनॉक्स को संपत्ति कर न भरने पर हुकुमनामा जारी किया गया है। पूनम मॉल पर 32 करोड़ रुपए संपत्ति कर बकाया है। वहीं, कोनकॉर पर मनपा का प्रापर्टी टैक्स करीब 18 करोड़ रुपए बकाया है। इसे न भरने की स्थिति में कंपनी पर कार्रवाई की तैयारी है। वहीं, धरमपेठ जोन में संपत्ति-कर न देने वाले की कलर टीवी को जब्त कर लिया है। मनपा ने वित्तीय वर्ष 2018-19 में 502 करोड़ रुपए संपत्ति कर वसूलने का लक्ष्य रखा है।
लक्ष्य की ओर मनपा
मनपा का संपत्ति कर विभाग जल्द ही एक्शन में आने वाला है। स्वच्छता सर्वेक्षण पूरा होते ही मनपा की सारी टीम संपत्ति कर वसूलने में जुटने वाली है। मनपा का लक्ष्य 502 करोड़ रुपए का है, जिसमें से अभी तक 153 करोड़ रुपए की वसूली की जा चुकी है। इस साल के 182 करोड़ रुपए के संपत्ति कर में से 107 करोड़ जमा हो चुका है। वहीं, कई सालों से बकाया चल रहे (एरियर) 320 करोड़ रुपए के संपत्ति कर में से मनपा ने 46 करोड़ रुपए जमा किया है। एरियर में करीब 60 करोड़ रुपए विवादित संपत्ति का है, जिसमें कुछ मामले कोर्ट में हैं और कुछ मनपा स्तर पर भी चल रहे हैं।
यह है मामला
पूनम मॉल की संपत्ति कर का मूल्यांकन पहले संपत्ति का संचालन मालिक कर रहा है, उसके आधार पर उसका संपत्ति कर तय किया गया। दूसरी बार मॉल में किराएदार द्वारा संचालन किया जा रहा है, इसके आधार संपत्ति कर तय किया गया। इस कारण संपत्ति कर अलग-अलग आया। विवादित मामला होने के कारण संपत्ति धारक ने संपत्ति कर नहीं भरा। 11 जनवरी को संपत्ति कर का हुकूमनामा निकाला गया है। 21 दिन पूरे होने के बाद भी कर नहीं भरा तो जाहिरनामा निकालकर संपत्ति को नीलाम करने की प्रक्रिया की जाएगी।
धरमपेठ जोन से कलर टीवी जब्त
धरमपेठ जोन में वार्ड क्रमांक 68 के घर क्रमांक 341 जोरासिंह बघेल पर 2016 से 48 हजार 145 रुपए संपत्ति कर बकाया था। इसे न भरने पर 23 जनवरी को संपत्ति धारक की एलजी कंपनी की कलर टीवी को जब्त कर लिया। वहीं संगीता धुर्वे ने कर्मचारी को देखते हुए अपना 23 हजार 430 रुपए तत्काल जमा करवाया। यह कार्रवाई महेश मोरोणे के मार्गदर्शन में निरीक्षक दीपक स्वामी, अरुण मेहरुलिया, प्रसाद चेपे, गोपाल रुशिया, राजूल मालिकर, धनराज हेमाणे, अरविंद धवले व विजय जाधव ने की।
Nagpur Municipal Corporation has accelerated the recovering of property tax.An order hasbeen issued to the Poonam Mall-Inox at Vardhaman Nagar for not paying the property tax. Poonam Mall is owing to property tax of Rs. 32 crores.
Created On :   24 Jan 2019 11:57 AM IST