- Home
- /
- ब्रह्मकुमारीज के विश्व शांति सरोवर...
ब्रह्मकुमारीज के विश्व शांति सरोवर का लोकार्पण 23 को, भव्य भवन में मिलेगी अनोखे आध्यात्मिक वातावरण की अनुभूति

डिजिटल डेस्क, नागपुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से वर्धा रोड, जामठा में विश्व शांति सरोवर का निर्माण किया गया है जिससे शांति की क्रांति होगी। विश्व शांति सरोवर का उद्घाटन 23 सितंबर को सुबह 10.30 बजे होगा। सरोवर के शुभारंभ पर 103 वर्षीय राजयोगिनी ब्रह्माकुमारीज दादी जानकी का दिव्य संबोधन होगा।नागपुर सेवा केंद्रों की संचालिका ब्रह्माकुमारी रजनी दीदी ने कहा कि विश्व शांति सरोवर द्वारा मूल्यों पर आधारित समाज निर्माण का सपना विदर्भ क्षेत्र निर्देशिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी पुष्पारानी दीदी ने देखा था, वह स्वप्न साकार होने जा रहा है। लगभग 1 लाख 11 हजार 500 वर्गफीट में निर्मित भव्य विश्व शांति सरोवर में आत्मउन्नति, गहन योगाभ्यास, मौन तपस्या कार्यक्रम, प्रबोधनात्मक व्याख्यान समाज के सभी वर्गों के लिए नि:शुल्क होंगे। आज के तनाव और भागदौड़ भरे जीवन में मन को सच्ची शांति की अनुभूति कराने के उद्देश्य से विश्व शांति सरोवर में मूल्य एवं आतंरिक शक्तियों के विकास के लिए उच्चस्तरीय शिक्षा देने हेतु भव्य सभागृह, आध्यात्मिक आर्ट गैलरी, आध्यात्मिक लेजर शो, आध्यात्मिक साहित्य विभाग, मेडिटेशन रूम, सेमिनार हॉल, भव्य लॉन का निर्माण किया गया है। इससे परिसर में अनोखे आध्यात्मिक वातावरण की अनुभूति होगी।
दिव्य समर्पण समारोह
राजयोग सेवा के लिए जिन्होंने अपना जीवन समर्पित करने का संकल्प किया ऐसी 9 बहनों का अलौकिक दिव्य समर्पण समारोह इस प्रसंग में आयोजित किया गया है। इनमें ब्रह्माकुमारी मीना, अर्चना, त्रिवेणी, रीना, प्रियंका, ज्योति, ममता, मंगला, अर्चना का समावेश हैं। दादी जानकी उन्हें अनुग्रिहत करेंगी।
प्रथम आध्यात्मिक स्नेह मिलन
समाज के सभी क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों के लिए आध्यात्मिक स्नेह मिलन का कार्यक्रम शाम 6.30 से 8 बजे तक होगा। दादी जानकी, ब्रह्माकुमारी संतोष दीदी, अंतरराष्ट्रीय योग शिक्षिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी उषा दीदी की प्रमुख उपस्थिति में यह भव्य कार्यक्रम होगा।
समाज के सभी वर्गों के लिए सेवा योजना
विश्वशांति सरोवर के माध्यम से समाज के लिए विविध सेवाएं प्राप्त होंगी जिसमें प्रमुख रूप से राजयोग शिविर, व्यसनमुक्ति शिविर, महिला सशक्तिकरण, बालविकास शिविर, युवा उत्थान कार्यक्रम, तनावमुक्त शिविर का समावेश रहेगा। इसी तरह विभिन्न सम्मेलन, चर्चासत्र संगोष्ठी, परिषद शिविर, सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि नियमित रूप से होंगे।
ये रहेंगे उपस्थित
विश्व शांति सरोवर का उद्घाटन ब्रह्माकुमारी मुख्य प्रशासिका, माउंट आबू राजस्थान की राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी दीदी जानकी, पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, पर्यटन राज्यमंत्री मदन येरावार, माउंट आबू की वरिष्ठ राजयोगी शिक्षिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी उषा दीदी, महाराष्ट्र, आंध्र व तेलंगाना की क्षेत्रीय िनर्देशिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी संतोष दीदी, हैदराबाद के शांति सरोवर की संचालिका ब्रकु. कुलदीप बहन, माउंट आबू मुख्यालय मंे युवा प्रभाग के संयोजक ब्रह्माकुमार आत्मप्रकाश भाई आदि उपस्थित रहेंगे।
Created On :   19 Sept 2018 12:17 PM IST