- Home
- /
- "ओम नम: शिवाय' के मंत्रोपचार से...
"ओम नम: शिवाय' के मंत्रोपचार से गूंजी प्राणहिता

डिजिटल डेस्क,सिरोंचा.(गड़चिरोली)। सिरोंचा तहसील मुख्यालय से सटी प्राणहिता नदी पर बारह वर्ष बाद आयोजित पुष्कर यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ा। इस दौरान आेम नम: शिवाय के मंत्रोपचार से प्राणहिता नदी परिसर पूरी तरह गूंज उठा। लगातार बढ़ रही श्रद्धालुअों की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन एक्शन मोड पर होकर पुलिस विभाग ने सुरक्षा की चौकसी बढ़ा दी है। वहीं श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं भी बढ़ायी जा रही हंै। विट्ठलेश्वर मंदिर घाट और नगरम घाट में श्रद्धालुआें के लिए शेड का निर्माण किया जा रहा है। वहीं पीने के पानी की अधिक सुविधा उपलब्ध कराते हुए शौचालयों की संख्या को बढ़ाना भी शुरू कर दिया गया है। नदी तट पर पिंडदान, दीप प्रज्वलन और फूल बहाए जाते हैं, जिसके कारण तट पर निर्माल्य जमा होने लगा है। इस कारण शनिवार को स्थानीय प्रशासन ने प्राणहिता की सफाई भी की।
प्रशासन की सतर्कता से बचे बालक के प्राण
आंध्रप्रदेश राज्य के श्रीकाकुलाम गांव निवासी एक परिवार का 7 वर्षीय बालक गुडला अरूण तेजे शनिवार की प्रात: 9.30 बजे के दौरान विट्ठलेश्वर मंदिर घाट पर अपने परिजनों के साथ गया। इस दौरान नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया। स्थिति का जायजा ले रहे आपदा प्रबंधन के कर्मचारियों को इसकी सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर गुडला के प्राण बचाए। इसके बाद गुडला को नदी तट पर बनाए गये एक अस्थायी अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां उस पर उपचार किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गुडला को परिजनों को सौंपा गया। ।
सफाई अभियान चलाया
सिरोंचा के तहसीलदार जितेंद्र शिकतोडे की संकल्पना से शनिवार को प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारियों ने दोनों नदी घाट पर सफाई अभियान चलाया। यहां दाखिल हो रहे श्रद्धालुओं में सफाई के बारे में जनजागरण भी किया गया। नदी परिसर को साफ सूथरा बनाए रखने के लिए प्रशासन ने यहां डस्टबिन भी उपलब्ध करवाएं हैं। इस अभियान कार्य में राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, पंचायत समिति और नगर पंचायत के कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
महिला का बैग उड़ाया, पुलिस को देख बैग फेंककर भागा चोर
शनिवार की सुबह तेलंगाना राज्य से यहां पहुंची एक महिला व उसका पूरा परिवार नदी तट पर स्नान के लिए जा रहा था। इसी दौरान मौका देख एक चोर ने महिला के बैग पर हाथ साफ कर लिया। इसकी सूचना मिलते ही थानेदार अजय अहिरकर और उनकी टीम ने यात्रा स्थल पर चौकसी बढ़ाकर नाकाबंदी की। डर के मारे चोर बैग फेंककर भाग गया। बैग संबंधित महिलाओं को लौटायी गयी।
अब तक 108 श्रद्धालुओं का किया गया उपचार
सिरोंचा की भीषण गर्मी से कोई अनजान नहीं है। नदियों से घीरी इस तहसील में ग्रीष्मकाल के दौरान तपीश बढ़ने लगती है। ऐसी स्थिति में पुष्कर यात्रा में पहुंच रहे श्रद्धालुओं की विभिन्न कारणों से तबीयत बिगड़ती है। स्वास्थ्य विभाग ने यहां अस्थायी रूप से अस्पताल शुरू किये हंै। चार दिनों में कुल 108 मरीजों पर इन अस्पतालों में उपचार किया गया। इसमें 72 पुरुष, 73 महिला और 6 बालकों का समावेश है।
बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रबंध
सिरोंचा की पुष्कर यात्रा में बुजुर्ग, दिव्यांग और किसी न किसी कारणों से पैदल न चलने वाले श्रद्धालुअों के िलए प्रशासन ने रिक्शा का प्रबंध किया है। दिव्यांग व्यक्तियों के लिए नहाने के लिए शॉवर की सुविधा भी नदी तट पर उपलब्ध करवाई गई है।
Created On :   17 April 2022 5:21 PM IST