- Home
- /
- हड़ताली एसटी कर्मचारियों के खिलाफ...
हड़ताली एसटी कर्मचारियों के खिलाफ मेस्मा लगाने की तैयारी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। वेतन बढ़ोतरी के बावजूद हड़ताल पर अड़े एसटी महामंडल के कर्मचारियों के खिलाफ राज्य सरकार अब सख्त कार्रवाई का मन बना लिया है। प्रदेश के परिवहन मंत्री तथा एसटी महामंडल के अध्यक्ष अनिल परब ने हड़ताल में शामिल एसटी के कर्मचारियों के खिलाफ मेस्मा कानून (महाराष्ट्र आवश्यक सेवा रखरखाव अधिनियम) लागू करने की चेतावनी दी है। मेस्मा कानून के तहत आवश्यक सेवा में कार्यरत कर्मचारी हड़ताल पर नहीं जा सकते हैं
परब ने एसटी महामंडल के मुख्यालय में कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर बैठक की। परब ने कहा कि एसटी बस सेवा अत्यावश्यक सेवाओं में आती है। इसलिए एसटी कर्मचारियों के खिलाफ मेस्मा कानून के तहत कार्रवाई की जा सकती है। कर्मचारियों की हड़ताल के कारण एसटी बसों में सफर करने वाले यात्रियों को बीते एक महीने से परेशान होना पड़ रहा है। राज्य की जनता को न्याय देने का समय आ गया है। इसलिए सरकार हड़ताल में शामिल एसटी कर्मचारियों के खिलाफ मेस्मा कानून लागू करने को लेकर काफी गंभीर है। मैंने मेस्मा कानून लागू करने के लिए कानूनी सलाह ले ली है। इस संबंध में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उपमुख्यमंत्री अजित पवार से चर्चा करके जल्द फैसला लिया जाएगा। परब ने कहा कि अब एसटी के निलंबित कर्मचारियों का निलंबन वापस नहीं लिया जाएगा। हड़ताल खत्म होने के बाद भी कर्मचारियों का निलंबन तुरंत रद्द नहीं होगा। परब ने कहा कि यदि सेवा देने के लिए कार्य स्थल पर आने वाले एसटी कर्मचारियों को किसी ने रोकने की कोशिश की तो उनके खिलाफ शनिवार से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परब ने कहा कि कर्मचारियों के वेतन वृद्धि के फैसले का लिखित आदेश जारी किया जा चुका है। इसलिए एसटी महामंडल की ओर से इसी फैसले के तहत वेतन मिलेगा। परब ने कहा कि एसटी महामंडल के राज्य सरकार में विलिनीकरण की मांग निर्देश पर अध्ययन करने के लिए राज्य सरकार ने बाम्बे हाईकोर्ट के आदेश पर समिति का गठन कर दिया है। इसलिए एसटी महामंडल के विलय का फैसला समिति की रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। परब ने कहा कि हड़ताल में शामिल एसटी कर्मचारियों के बीच तरह-तरह की अफवाह फैलाई जा रही है। ऐसा भ्रम फैलाया जा रहा है कि यदि 60 दिन हड़ताल जारी रही तो मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को इस्तीफा देना पड़ेगा। लेकिन मैं एसटी कर्मचारियों को स्पष्ट कहना चाहता हूं कि ऐसा कोई कानून नहीं है। इसलिए कर्मचारी अफवाहों पर विश्वास न करे।
73 हजार 438 कर्मचारी हड़ताल में शामिल रहे
एसटी महामंडल के 73 हजार 438 कर्मचारी शुक्रवार को हड़ताल में शामिल रहे। जबकि 18 हजार 828 कर्मचारियों ने काम किया। दिनभर में 1331 बसे चली।
Created On :   3 Dec 2021 8:50 PM IST