मंदसौर में बस पलटी, 10 लोगों की मौत, 30 से अधिक घायल

मंदसौर में बस पलटी, 10 लोगों की मौत, 30 से अधिक घायल

डिजिटल डेस्क, मन्दसौर। रविवार की सुबह मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से बस हादसे की एक दर्दनाक खबर सामने आ रही है। इस हादसे में अब तक 10 लोगों के मरने की जानकारी मिली है, जबकि 30 से अधिक घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को शामगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। वही गंभीर घायलों को मन्दसौर जिला अस्पताल भर्ती किया गया। यह दर्दनाक हादसा शामगढ़ क्षेत्र के धामनिया दीवान में हुआ। बताया जा रहा है कि इस सवारी बस में करीब 60 से अधिक लोग सवार थे। मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार मन्दसौर से भानपुरा चलने वाली बस रविवार सुबह शामगढ़ क्षेत्र के धामनिया दीवान में अनियंत्रित होकर पलटी खा गई। हादसे में प्रारंभिक तौर पर 10 यात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। लोगों ने अपनी कार और ट्रैक्टर के माध्यम से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिसकर्मी और अस्पताल के कर्मचारी सूचना मिलने के बाद काफी देर बाद पहुंचे।

दुर्घटना का शिकार हुई बस का नाम भगवती बस सर्विस बताया जा रहा है, जो मंदसौर से भानपुरा की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में वह धामनिया के निकट अनियंत्रित होकर पलट गई। सुबह करीब 8:30 बजे हुए बस हादसे में ज्यादातर लोग समझ ही नहीं पाए कि हादसा कैसे हुआ। इससे मौके पर चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोग दौड़कर आए और लोगों को बचाने की जद्दोजहद शुरु कर दी। इसी दौरान पुलिस और एंबुलेंस को भी सूचना दे दी गई।

बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी और अस्पताल के कर्मचारी खबर मिलने के काफी देर बाद घटनास्थल पर पहुंचे थे। तब तक स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद मौके पर पहुंचे पुलिस बल और गांव के लोगों ने बस से लोगों को बाहर निकाला। काफी देर बाद प्रशासनिक स्तर पर राहत और बचाव कार्य शुरू शुरू हुआ। पुलिस कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार कम से कम 10 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है राहत और बचाव कार्य जारी है।

Created On :   29 April 2018 5:04 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story