- Home
- /
- अपने शहर का ध्यान रखे, तभी प्रगति...
अपने शहर का ध्यान रखे, तभी प्रगति संभव - तिवारी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। "हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने शहर का ध्यान रखे, तभी शहर की सुंदरता और प्रगति संभव है। उक्त विचार महापौर दयाशंकर तिवारी ने विदर्भ हिंदी साहित्य सम्मेलन के कार्यक्रम श्रृंखला "संवाद" में साहित्यकार डॉ. सागर खादीवाला से चर्चा करते हुए व्यक्त किए। श्री तिवारी ने विद्यार्थी जीवन से लेकर अब तक की जीवन-यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कई रोचक प्रसंगों का जिक्र किया। विद्यार्थी जीवन से ही एक अच्छे वक्ता के रूप में पहचाने जाने वाले श्री तिवारी ने राजनीति में पदार्पण से लेकर महापौर के पद तक पहुंचने के दौरान के कई संस्मरण सुनाए।
भावी योजनाओं की दी जानकारी
नागपुर शहर के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंनेे कहा कि जनता की जागरूकता और सहयोग से ही किसी शहर का उत्थान और प्रगति संभव है। नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए भावी योजनाओं का जिक्र करते हुए कुछ योजनाओं का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। महानगर पालिका द्वारा नागरिक संस्थाओं के सहयोग से भविष्य में प्रत्येक वार्ड में स्थापित किए जाने वाले स्वास्थ्य केंद्रों की महत्वाकांक्षी योजना की भी विस्तृत जानकारी उन्होंने प्रदान की। श्रोताओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों और जिज्ञासाओं का उन्होंने समाधान किया। विदर्भ हिंदी साहित्य सम्मेलन के प्रा. मधुप पांडेय ने अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न व श्रीफल से श्री तिवारी का सत्कार किया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों के लोग उपस्थित थे।
Created On :   18 Feb 2021 3:10 PM IST