51 दिन में 71 करोड़ का प्रापर्टी टैक्स वसूलना बना चुनौती

Property tax recovery of 71 crores in 51 days became a challenge
51 दिन में 71 करोड़ का प्रापर्टी टैक्स वसूलना बना चुनौती
चंद्रपुर 51 दिन में 71 करोड़ का प्रापर्टी टैक्स वसूलना बना चुनौती

नीलेश व्याहाड़कर, चंद्रपुर। महानगर पालिका का राजस्व बढ़ाने में टैक्स विभाग का बड़ा योगदान रहता है। हर वर्ष महानगर पालिका हर वर्ष टैक्स विभाग के माध्यम से करोड़ों का राजस्व प्राप्त होता है। इस बार भी वित्तीय वर्ष के अंतिम मुकाम तक मनपा टैक्स विभाग को 92 करोड़ 1 लाख 78 हजार 110 रुपए का लक्ष्य तय करना है। इस कारण विभाग कार्य में जुट गया है। हालांकि अब तक केवल 20 करोड़ 31 लाख 82 हजार 992 रुपए की वसूली हुई है। जो 22.8 प्रतिशत है। लेकिन अब वित्त वर्ष (मार्च एंडिंग) को केवल 51 दिन बाकी होने से मनपा लंबित 71 करोड़ 69 लाख 95 हजार 118 रुपए का टैक्स कैसे वसूल करेगी। यह यक्ष सवाल खड़ा है।  

चंद्रपुर मनपा क्षेत्र में कुल 90 हजार 960 संपत्ति धारक हैं। जिनसे मनपा को हर वर्ष टैक्स के रूप में करोड़ों रुपए का राजस्व प्राप्त होता है। लेकिन कई लोग टैक्स का भुगतान करने में आनाकानी कर रहे हैं। इस कारण  टैक्स वसूल करने में विभाग को काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। इससे दिनों दिन मनपा का टेंशन बढ़ता दिखाई दे रहा है। बता दंे कि वित्त वर्ष खत्म होने केवल 51 दिन बचे हैं। इन दिनों में 71 करोड़ से अधिक की वसूली करने का लक्ष्य महानगर पालिका को पूरा करना है। संपत्ति टैक्स की वसूली को दीपावली के बाद गति मिलती है। जनवरी माह के बाद नागरिक भी टैक्स भरने सामने आते हैं। लेकिन अब तक महानगर पालिका 22.8 प्रतिशत टैक्स जमा करने सफल रही है। इस कारण संपत्ति टैक्स का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। वर्ष 2021-22 की मांग 90 करोड़ 42 लाख 21 हजार 588 थी। इसमें से मनपा ने केवल 37 करोड़ 45 लाख 15 हजार 814 रुपए वसूल किए। जो केवल 61.49 प्रतिशत रही। इस वर्ष मनपा ने टैक्स वसूली करने कमर कस ली है। इसके लिए विभाग सक्रिय हो गया है। विभाग के सभी अधिकारी, कर्मचारी टैक्स वसूली में जुड़ गए हैं। इससे अब आनेवाले दिनों में इस विभाग की कितनी मेहनत रंग लाएगी यह आनेवाला समय ही बताएगा। 

संपत्ति धारकों से टैक्स वसूल करने मनपा ने 12 पथक तैयार किए हैं। इसमें 3 सहायक आयुक्त, अधिकारी तथा कर्मचारियों का समावेश है। सभी टीमों में 4 से 5 कर्मचारियों का समावेश होने की जानकारी मिली है। मनपा के तीनों जोन के माध्यम से यह पथक संपत्ति टैक्स का बकाया वसूल करेंगे।  मनपा द्वारा चंद्रपुर महाऔष्णिक बिजली केंद्र से टैक्स वसूल किया जाता है। उन पर 30 करोड़ का टैक्स बकाया है। जिसमें से कंेद्र ने चालू वर्ष के 5 करोड़ रुपए का भुगतान किया है। बावजूद टैक्स बकाया होने की जानकारी है। मनपा के जोन क्र.2 अंतर्गत विविध सरकारी कार्यालय आते हैं। जिनका करोड़ों रुपए का संपत्ति टैक्स बकाया है। इसमें से सर्वाधिक टैक्स पुलिस प्रशासन का है। पुलिस प्रशासन इसके भुगतान पर ध्यान नहीं देने की बात कहीं जा रही है। बावजूद अन्य सरकारी कार्यालय भी गंभीर नहीं है।
 

Created On :   8 Feb 2023 7:32 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story