- Home
- /
- प्रचार रथ रोका और फाड़ दिया पोस्टर
प्रचार रथ रोका और फाड़ दिया पोस्टर

डिजिटल डेस्क, अमरावती। शहर में हर घर तिरंगा मुहिम का जनजागरण करने निकाले प्रचार रथ पर दो अज्ञात लोगों ने हमला करने की घटना पुराने कॉटन मार्केट के पीछे होटल आदर्श के पास सामने आई। मामले में कोतवाली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की गई। जानकारी के अनुसार अमरावती शहर में हर घर तिरंगा अभियान के प्रचार के लिए पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे पाटील की ओर से प्रचार रथ बनाए गए हैं। शहर के विविध हिस्सों में प्रचार रथ फिलहाल घूमते दिखाई देते हैं। प्रचार रथ पुराने कॉटन मार्केट से होटल आदर्श के पास से पूर्व उपमहापौर कुसुम साहू के प्रभाग में भेजा जा रहा था। उसी समय बीच रास्ते में अज्ञात तीन शरारती तत्वों ने प्रचाररथ के चालक को रोककर उसे धमकाया और रथ पर लगा पोस्टर फाड़ दिया।
पोस्टर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही तिरंगे का फोटो लगा है। जिससे भाजपा पदाधिकारी अजय सामदेकर ने कोतवाली पुलिस थाने में मामले की शिकायत दर्ज की है। कोतवाली पुलिस ने वह रथ भी थाने में लगाया है। जानकारी के अनुसार जहां घटना हुई वहां के सीसीटीवी फुटेज में प्रचार रथ पर लगा पोस्टर फाड़ते हुए तीन युवक दिखाई दे रहे हैं। कोतवाली पुलिस ने इस घटना में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की है। मामले में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता शिवराय कुलकर्णी का कहना है कि स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव निमित्त हर घर पर तिरंगा लहराने का आह्वान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। अभियान को सफल बनाने शहर में विधायक प्रवीण पोटे पाटील के माध्यम से कुछ प्रचार रथ घूम रहे हैं। एक प्रचार रथ पर हमला कर भाजपा व देश का अपमान किया है।
Created On :   13 Aug 2022 2:06 PM IST