- Home
- /
- मंत्रियों के विवादित बयान पर लगाम...
मंत्रियों के विवादित बयान पर लगाम लगाएं मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विधानसभा में विपक्ष के नेता अजित पवार ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से राज्य सरकार के मंत्रियों और विधायकों के विवादित बयानों पर लगाम लगाने की नसीहत दी है। रविवार को पुणे में अजित ने कहा कि मेरा मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से विन्रम आग्रह है कि दोनों मिलकर मंत्रियों को मार्गदर्शन करें कि उन्हें कैसे बयान देना चाहिए। क्योंकि मंत्री प्रदेश की 13 करोड़ जनता का प्रतिनिधित्व करते हैं। यदि मंत्री ही विवादित बयान देंगे तो जनता किसकी ओर उम्मीद से देखेगी। अजित ने कहा कि राज्य के कृषि मंत्री अब्दुल सत्तार बीड़ के जिलाधिकारी राधाबिनोद शर्मा से पूछते हैं कि शराब पीते हो क्या? जबकि राज्य के स्कूली शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर कहते हैं कि राशन कार्ड धारकों को राशन किट तुलसी विवाह तक वितरित किया गया तो भी कोई फर्क नहीं पड़ेगा। इस तरह के बयानों से मंत्रियों की असंवेदनशीलता नजर आती है। शिंदे गुट के समर्थक अमरावती के विधायक बच्चू कडू और भाजपा समर्थित विधायक रवि राणा के बीच आपसी विवाद चल रहा है। राज्य की जनता मंत्रियों और सत्ताधारी विधायकों के आचरण को देख रही है।
फडणवीस अपने पत्र की मांगों को खुद ही लागू करें
विपक्ष के नेता अजित ने उपमुख्यमंत्री फडणवीस को महाविकास आघाड़ी सरकार के समय उनके द्वारा लिखे गए पत्र की याद दिलाते हुए राज्य में गीला सूखा घोषित करने की मांग की है। अजित ने कहा कि फडणवीस ने विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में 16 अक्टूबर 2020 को तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों की मदद के लिए गीला सूखा घोषित करने की मांग की थी। अब मेरी फडणवीस को चुनौती है कि उन्होंने उद्धव को पत्र लिखकर जो मांगें की थी। उन्हीं मांगों को वे खुद ही लागू कर दें। क्योंकि वे राज्य के उपमुख्यमंत्री के साथ वित्त मंत्री भी थे।
राकांपा का शिर्डी में शिविर 4 नवंबर से
राकांपा की ओर से 4 और 5 नवंबर को अहमदनगर के शिर्डी में अध्ययन शिविर का आयोजन किया गया है। राकांपा के वरिष्ठ नेता अजित पवार ने बताया कि पार्टी के दो दिवसीय शिविर में 1750 पदाधिकारी शामिल होंगे। जिसमें पार्टी के विधायक, पूर्व विधायक, साल 2019 के लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव के सभी उम्मीदवार, प्रदेश पदाधिकारी, जिला, शहर व तहसील अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों का समावेश होगा। अजित ने बताया कि शिविर में राकांपा अध्यक्ष शरद पवार समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता विभिन्न मुद्दों पर मार्गदर्शन करेंगे।
Created On :   28 Oct 2022 7:14 PM IST