आज मध्य प्रदेश दौरे पर आएंगे अमित शाह और राहुल गांधी, पढ़ें पूरा शेड्यूल

rahul gandhi and amit shah arrives in mp for mp assembly election 2018
आज मध्य प्रदेश दौरे पर आएंगे अमित शाह और राहुल गांधी, पढ़ें पूरा शेड्यूल
आज मध्य प्रदेश दौरे पर आएंगे अमित शाह और राहुल गांधी, पढ़ें पूरा शेड्यूल

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। आगामी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह एक बार फिर प्रदेश में अपनी दस्तक देने जा रहे हैं। राहुल गांधी आज शनिवार को प्रदेश के मुरैना और जबलपुर पहुंचेंगे। जबलपुर में वे एक रोड शो भी करेंगे। राहुल का एक महीने में मध्य प्रदेश का ये लगातार तीसरा दौरा है। जबकि अमित शाह इंदौर और उज्जैन संभाग के प्रवास पर आएंगे। वे इंदौर, झाबुआ, जावरा और उज्जैन में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

राहुल अपने इस दौरे पर भूमिहीनों के आंदोलन में शामिल होंगे और पार्टी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। कांग्रेस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार राहुल गांधी 6 अक्टूबर शनिवार की सुबह दिल्ली से अपने स्पेशल विमान में सवार होकर ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां आने के बाद राहुल हेलीकॉप्टर से मुरैना पहुंचकर एकता परिषद और सहयोगी संगठनों के जनांदोलन 2018 में हिस्सा लेंगे। राहुल गांधी मुरैना में 12:30 पर भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद ग्वालियर होते हुए 2.30 जबलपुर पहुंचेंगे। उनका जबलपुर में रोड शो होगा, जनसभा होगी और रात 8.30 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। 

राहुल गांधी के इस एकदिवसीय दौरे को सफल बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेताओं ने तैयारियां की हैं। राहुल गांधी के इस कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ सहित प्रदेश के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने एसपीजी के साथ मिलकर राहुल गांधी के नगर आगमन पर सुरक्षा की तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं, उनके रैली मार्ग पर शुक्रवार 5 अक्टूबर से ही भारी पुलिस व्यवस्था में लगाई जा चुकी है। अतिरिक्त पुलिस बल अन्य जिलों से बुलाया गया है।

जबलपुर में राहुल की रैली
कांग्रेस नेताओं की मानें तो राहुल गांधी जबलपुर में करीब 5 घंटे बिताएंगे। राहुल जबलपुर में करीब 3 घंटे रोड शो करेंगे। जिला प्रशासन के अनुसार राहुल गांधी का डुमना विमानतल पर आगमन 3:30 बजे होगा। डुमना से वे हेलीकॉप्टर में सवार होकर 3: 50 बजे ग्वारीघाट आयुर्वैदिक कॉलेज स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे वहां से वे नर्मदा पूजन करने ग्वारीघाट जाएंगे। नर्मदा पूजन उपरांत 4: 5 बजे ग्वारीघाट से रवाना होकर रामपुर पहुंचेंगे। वहां से उनका रोड से शुरू होगा। राहुल का रोड शो 7:10 बजे अधारताल स्थित अब्दुल हमीद चौक पर समाप्त होगा।

इंदौर पहुंचेंगे अमित शाह
मध्य प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष और सांसद राकेश सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 6 अक्टूबर शनिवार को सुबह 11 बजे प्लेन से इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेगे। वे एयरपोर्ट से सीधे इंदौर के राजवाड़ा पहुंचकर भाजपा के तीन दिवसीय जनसंपर्क महाअभियान का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद राजवाड़ा से 12 बजे चलकर दशहरा मैदान पहुंचेंगे। जहां इंदौर संभाग के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

महाकाल बाबा के दर्शन
इसके बाद अमित शाह का कारवां इंदौर से हेलीकाप्टर द्वारा झाबुआ के लिए प्रस्थान करेगा। शाह झाबुआ में दोपहर 2 बजे कॉलेज ग्राउंड में जनजातीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे। झाबुआ से चलकर वे लगभग 4 बजे जावरा पहुंचेंगे और भगत सिंह कॉलेज ग्राउंड में किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष जावरा से चलकर शाम 6 बजे उज्जैन पहुंचेंगे। जहां शहनाई गार्डन महानंदा नगर में उज्जैन संभाग के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद भगवान श्री महाकाल के दर्शन करेंगे। दर्शन के बाद इंदौर के लिए प्रस्थान करेंगे और इंदौर से विमान द्वारा दिल्ली रवाना होंगे।

Created On :   5 Oct 2018 1:16 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story