मध्य प्रदेश में प्रचार का आगाज करेंगे राहुल गांधी, 17 को भोपाल में 12 KM लंबा रोड शो

मध्य प्रदेश में प्रचार का आगाज करेंगे राहुल गांधी, 17 को भोपाल में 12 KM लंबा रोड शो

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव 2018 की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी के तहत कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी 17 सितंबर को भोपाल दौरे पर आने वाले हैं। यहां वे करीब 12 किमी लंबा रोड शो भी करेंगे। इसके बाद वह अपनी कांग्रेस पार्टी के करीब 15,000 कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संवाद करेंगे। बता दें कि कांग्रेस राहुल के इस रोड शो को ऐतिहासिक बनाने में जुटी है। ये मप्र में कांग्रेस का चुनाव प्रचार का आगाज होगा।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग की अध्यक्षा शोभा ओझा ने कांग्रेस अध्यक्ष के इस दौरे की पूरी जानकारी दी है। शोभा ने बताया, "राहुल गांधी 17 सितंबर को हवाई मार्ग से दोपहर 12 बजकर 45 मिनट पर भोपाल स्थित राजा भोज एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। यहां से वह कार में रवाना होकर शहर के लालघाटी सर्कल पहुंचेंगे। उसके बाद वह एक बजकर 10 मिनट पर लालघाटी सर्कल से बस से रोड शो करेंगे।"

राहुल गांधी भोपाल में करेंगे करीब 12 किमी लंबा रोड शो
ओझा ने बताया कि राहुल गांधी का यह करीब 12 किमी लंबा रोड शो लालघाटी सर्कल से शुरू होकर कलेक्टोरेट रोड, रॉयल मार्केट ब्रिज, पीर गेट, वीआईपी रोड सर्कल, पॉलिटेक्निक चौराहा, रोशनपुरा सर्कल, अपेक्स बैंक सर्कल, बोर्ड ऑफिस सर्कल और कस्तूरबा नगर सर्कल के रास्ते होते हुए भेल दशहरा मैदान पहुंचेगा। इस दौरान उनके लिए सात जगहों पर स्वागत केंद्र बने होंगे, जहां कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।

कांग्रेस के करीब 15,000 कार्यकर्ता होंगे शामिल
राहुल गांधी भोपाल के भेल दशहरा मैदान पर पार्टी कार्यकर्ताओं से डेढ़ घंटे संवाद करेंगे। इस संवाद में कांग्रेस के करीब 15,000 कार्यकर्ता भाग लेंगे, जिनमें ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर के कार्यकर्ता, पार्षद और पार्टी के बड़े नेता मौजूद रहेंगे।

9 राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्ति
बता दें कि कांग्रेस पार्टी ने लोक सभा चुनाव 2019 को देखते हुए 9 राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्ति भी की है, जो विभिन्न राज्यों में सह-प्रभारी की भूमिका में होंगे। पार्टी ने अरुणाचल प्रदेश के लिए जेनिथ संगमा, मेघालय के लिए विक्टर केशिंग, मणिपुर के लिए चार्ल्स पिंगरोप, मिजोरम के लिए अम्परीन लिंगदोह, नगालैंड के लिए प्रद्युत बारदोलोई, सिक्किम के लिए प्रद्युत देव बर्मन, त्रिपुरा के लिए भूपेन कुमार बोरा, जम्मू-कश्मीर के लिए सुधीर शर्मा और तमिलनाडु के लिए सिरिवेला प्रसाद को सचिव नियुक्त किया है। वहीं महेंद्र सिंह बौद्ध को मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग का कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

Created On :   14 Sep 2018 4:17 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story