- Home
- /
- मुर्गा लड़ाई अड्डे पर छापा, दांव...
मुर्गा लड़ाई अड्डे पर छापा, दांव लगा रहे 10 आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, नागपुर । लकड़गंज इलाके के लकड़ापुल के पास मुर्गा लड़ाई अड्डे पर पुलिस ने छापा मारकर 10 आरोपियों को पकड़ा, जो मुर्गे की लड़ाई पर पैसे की हार-जीत का दांव लगा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों से कत्ती के 6 मुर्गे, करीब 10 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं। क्राइम ब्रांच पुलिस की यूनिट-3 ने कार्रवाई की। देर रात लकड़गंज थाने में कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू थी। अड्डे से पूर्व पार्षद मुन्ना यादव के बेटे अर्जुन यादव को भी हिरासत में लेने की चर्चा है।
आरोपियों में अड्डे का संचालक भी
पुलिस के अनुसार रविवार की रात लकड़ापुल के पास शैलेश करनुके उर्फ भुरया मुर्गा लड़ाई का अड्डा चला रहा था। अड्डे पर बड़ी संख्या में लोग जमा थे, जो कत्ती के मुर्गे पर पैसे की हार-जीत का दांव लगा रहे थे। पकड़े गए आरोपियों में अड्डे का संचालक भूरया भी शामिल है। कार्रवाई के दौरान कई लोग फरार हो गए। आरोपी सहित मुर्गे व नकदी लकडगंज पुलिस के सुपुर्द कर दिए गए। समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज किए जाने की प्रक्रिया शुरू थी।
Created On :   9 Aug 2021 12:22 PM IST