- Home
- /
- सावन की फुहार, विदर्भ में राहत,...
सावन की फुहार, विदर्भ में राहत, नागपुर 33.2 मिलीमीटर बारिश

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जिले में लगातार दूसरे दिन बारिश का दौर जारी रहा। मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात में भी रूक-रूक कर बारिश होती रही। बुधवार सुबह बादलों का पहरा बना रहा। दोपहर में 12 बजे के बाद काले बादलों से अंधकार बना रहा। इसके बाद जमकर बारिश हुई। जो कि करीब 20 मिनट बाद बंद हुई। इसके बाद फिर बादलों की गरज के साथ बारिश हुई जो कि लगातार चलती रही जो शाम को रूकी। मौसम विभाग के अनुसार दो दिन की चेतावनी दी गई थी, जिसमें मंगलवार और बुधवार को भारी बारिश की संभावानाएं जताई गई थी। इसके चलते बुधवार को नागपुर में 33.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान 23.6 और अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगे कुछ दिन सामान्य मौसम रहने की संभावनाएं हैं। बादल छाए रह सकते हैं।ञ
विदर्भ में बारिश से मिली फसलों को संजीवनी
कई दिनों से नदारद बारिश ने बुधवार को विदर्भ के सात जिलों में दस्तक दी। इस बारिश के कारण फसलों को संजीवनी मिली है। इसके भंडारा और अमरावती में बारिश के कारण जलजमाव हो गया। अमरावती शहर सहित जिले में लंबे समय के बाद बारिश की वापसी हुई है। इस वजह से बारिश की प्रतीक्षा कर रहे किसानों को राहत मिली है। वहीं जोरदार बारिश से अनेक स्थानों पर जलजमाव दिखाई दिया। वर्धा में पिछले 20 से 22 दिनों से बारिश नहीं होने के कारण फसल बर्बाद होने का डर किसानों को सता रहा था परंतु दो दिन से लगातार हो रही बारिश के चलते फिर एक बार फसलों को संजीवनी मिली है। यवतमाल जिले में भी जोरदार बारिश हुई। महागांव तहसील के तीन देहातों में मंगलवार की रात मूसलाधार बारिश होने से कपास के पौधे जमीन पर बिछ गए। गड़चिरोली में मंगलवार की रात जोरदार वर्षा हुई। वहीं बुधवार को सुबह से ही करीब 12 बजे तक निरंतर वर्षा होती रही। वहीं चंद्रपुर में देर रात जोरदार बारिश हुई। भंडारा जिले में लगातार दूसरे दिन 18 अगस्त को बारिश जारी रही। वहीं मोहाड़ी तहसील के सालई खुर्द गांव में दो दिन की साधारण बारिश से भी नागरिकों के घरों में जलजमाव हो गया।गोंदिया जिले में दो दिनों से अनेक स्थानों पर रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश हो रही है।
Created On :   18 Aug 2021 9:05 PM IST