- Home
- /
- राजीव कपूर का नागपुर से था गहरा...
राजीव कपूर का नागपुर से था गहरा नाता, 2014 में उर्मिला सियाल की नातिन की शादी में आए थे

डिजिटल डेस्क, नागपुर। ऋषि कपूर के निधन को अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ था कि, राजीव कपूर चल बसे। राज कपूर के सबसे छोटे बेटे राजीव कपूर के निधन की खबर से बॉलीवुड में शोक की लहर है। राजीव का निधन मंगलवार, 9 फरवरी को हार्ट अटैक से हुआ। दिल का दौरा पड़ने पर बड़े भाई रणधीर कपूर उन्हें अस्पताल लेकर गए, मगर डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने 1985 में ‘राम तेरी गंगा मैली’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था, जिसका निर्माण और निर्देशन राज कपूर ने किया था। 1996 में उन्होंने ‘प्रेमग्रंथ’ फिल्म से बतौर निर्देशक डेब्यू किया, जिसमें ऋषि कपूर और माधुरी दीक्षित ने लीड रोल निभाए थे।
राजीव ने लवर बॉय, जलजला, हम तो चले परदेस, अंगारे, शुक्रिया जैसी कई फिल्मों में काम किया। दिवंगत अभिनेता का नागपुर शहर से बहुत लगाव था। उनकी बुआ उर्मिला का विवाह नागपुर के चरणजीत सिंह सियाल से हुआ था। जिसके चलते कपूर परिवार का शहर आना-जाना लगा रहता था। उर्मिला सियाल की बेटी धंतोली निवासी अनु खेता ने बताया कि, राजीव कपूर 2014 को मेरी बेटी प्रियंका के विवाह में नागपुर आए थे।
खूब मौज-मस्ती करते थे भाई-बहन
अनु ने बचपन की यादें साझा करते हुए कहा कि, राजीव और मुझमें बहुत अच्छी बॉडिंग थी। उम्र में ज्यादा फर्क नहीं होने के कारण हम दोनों की बहुत बनती थी। वे मुझसे 4 वर्ष छोटे थे। बचपन में जब भी राजीव शहर आया करते थे, तब हम भाई-बहन मिलकर बहुत मस्ती किया करते थे। मेरी उनसे आखिरी मुलाकात 2019 में दिल्ली में हुई थी।
उस समय हम कपूर फैमिली की किताब के विमोचन के लिए दिल्ली गए थे, वहां पूरा कपूर परिवार माैजूद था। अनु ने बताया कि, मेरे मां-पापा की सिल्वर जुबली 1982 में हुई, तब राज मामा से लेकर पूरा कपूर परिवार शहर आया था। उस समय राजीव कपूर भी आए थे। 1986 में मेरी बड़ी बहन प्रीति सियाल की शादी में भी कपूर परिवार के साथ राजीव कपूर आए थे। आखिरी बार वे 2014 में मेरी बेटी प्रियंका की शादी में नागपुर आए थे।
Created On :   10 Feb 2021 3:17 PM IST