- Home
- /
- रल की साइकिल पोलो खिलाड़ी की नागपुर...
रल की साइकिल पोलो खिलाड़ी की नागपुर में मौत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। केरल की साइकिल पोलो खिलाड़ी फातिमा निदा शहाबुद्दीन (10) की अचानक तबीयत खराब होने पर उसे धंतोली के श्रीकृष्णा अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वह सुहारामंजिल, कर्ताजोकम, अब्बालापुंजा, अलपुंजा, केरल निवासी थी। नागपुर के नंदनवन स्थित केडीके कॉलेज के सामने दर्शन कॉलोनी मैदान पर 22 से 25 दिसंबर तक होने वाली राष्ट्रीय साइकिल पोलो चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने केरल से 24 खिलाड़ी नागपुर आई हैं, जिसमें फातिमा निदा भी शामिल थी। उसकी मौत को लेकर अस्पताल परिसर में हंगामा हो गया। धंतोली थाने की पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया। फातिमा निदा का शव मेडिकल अस्पताल के शव विच्छेदन कक्ष में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। धंतोली पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। पुलिस ने कोच जितीन राज, कोच ई के रियाज, जीवा जोश, वरिष्ठ खिलाडी बिंजिदा आर, गोपीदा के बयान दर्ज किया है। सूचना मिलते ही फातिमा निदा के पिता शहाबुद्दीन अबुबकर नागपुर पहुंचे। मौत को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
सुबह अचानक उल्टी होने लगी
फातिमा निदा के कोच जितीन राज के अनुसार, फातिमा निदा को बीती रात करीब ढाई बजे से पेट में तकलीफ थी। उसे मोशन नहीं हुआ। सुबह करीब 8 बजे उसे उल्टी होने लगी, तब उसे अस्पताल ले गए। जांच के दौरान उसे एक इंजेक्शन दिया गया। उसके बाद उसकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई और उसे बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने कारण ह्रदयाघात बताया।
फेडरेशन ने जताया दु:ख
घटना पर साइकिल पोलो फेडरेशन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। खबर मिलते ही फेडरेशन के अध्यक्ष सेवानिवृत्त एयर मार्शल प्रदीप बापट, एशियन साइकिल पोलो एसोसिएशन के अध्यक्ष ठाकुर रघुवेंद्र सिंह डूंडलोद आदि अस्पताल पहुंचे। स्पर्धा के आयोजन सचिव गजानन बुरडे के अनुसार, हम केरल संघ को हरसंभव मदद देने की कोशिश कर रहे हैं।
रहने-खाने की व्यवस्था नहीं करने का आरोप गलत : बुरडे
स्पर्धा के आयोजन सचिव गजानन बुरडे ने केरल टीम के रहने-खाने की व्यवस्था नहीं किए जाने के आराेपों का खंडन करते हुए कहा कि यह बेबुनियाद है। केरल की जिस टीम के साथ यह घटना हुई है, उसका पंजीयन स्पर्धा के लिए नहीं था। केरल की एक अन्य टीम नागपुर पहुंची थी, जिसकी पूरी व्यवस्था आयोजन समिति ने की। इस टीम के पास न्यायालय का अंतरिम आदेश है, जिसमें उसे नेशनल में भागीदारी देने की बात कही गई है। टीम के कोच-मैनेजर ने बुधवार शाम पांच बजे मुझसे मुलाकात कर कोर्ट का आदेश दिखाया और खेलने देने की अपील की। आयोजन समिति ने फिक्शर में टीम को शामिल किया और गुरुवार से रहने-खाने की व्यवस्था किए जाने का आश्वासन दिया। केरल की टीम 20 दिसंबर को ही नागपुर पहुंच गई थी और धंतोली स्थित भारतीय मजदूर संघ के कार्यालय में रह रही थी। टीम स्पर्धा में भागीदारी की तैयारी करने में जुट गई, लेकिन यह दु:खद हादसा हुआ। भागीदारी और निवास-भोजन को लेकर आरोपों के बीच केरल के कोच िजतीन राज ने आयोजन समिति के बर्ताव को लेकर किसी प्रकार की शिकायत करने से इनकार कर दिया।
Created On :   23 Dec 2022 11:52 AM IST