रंजीत सफेलकर का ‘राजमहल’ ढहाने की तैयारी - जानिए नागपुर की अन्य अहम वारदातें

Ranjit Safelkars preparations to demolish Rajmahal - know other important incidents in Nagpur
रंजीत सफेलकर का ‘राजमहल’ ढहाने की तैयारी - जानिए नागपुर की अन्य अहम वारदातें
रंजीत सफेलकर का ‘राजमहल’ ढहाने की तैयारी - जानिए नागपुर की अन्य अहम वारदातें

डिजिटल डेस्क, नागपुर । गैगस्टर रंजीत सफेलकर के ‘राजमहल’ नामक अवैध सभागृह को ढहाने की प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। इसके लिए पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त तैनात किया जाएगा। सफेलकर ने कामठी रोड पर यह सभागृह नियमों को ताक पर रख कर बनाया है। संबंधित प्रशासन इस अवैध निर्माणकार्य को तोड़ने के कई बार नोटिस सफेलकर को दे चुका है। सफेलकर की अपराध जगत के साथ कामठी नगर परिषद में भी तूती बोलती है। जिसके चलते प्रशासन से जुड़े संबंधित अधिकारियों ने भी महज खानापूर्ति कर  चुप्पी साध ली थी। अब सफेलकर सलाखों के पीछे है। बुधवार को सुबह 7 बजे केे बाद ‘राजमहल’ ढहाया जाएगा। इसके पूर्व गैंगस्टर संतोष आंबेकर का भी अवैध निर्माणकार्य इसी तरह ढहाया गया था। 

युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
 एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक का नाम अनूप वानखेड़े है। घटना 26 अप्रैल को हुई। पुलिस के अनुसार रमाबाई चौक, आंबडेकर नगर निवासी अनूप वानखेड़े (20) ने अपने घर में पहली मंजिल के हाल में छत में लगे लोहे के हुक में लोहे की संकल से फांसी लगा ली। आत्महत्या का कारण अज्ञात है। मामले की जांच पुलिस कर रही है। 

मोबाइल पर युवती को भेजा अश्लील फोटो
एक युवती और उसके रिश्तेदारों के मोबाइल पर अश्लील फोटो भेजने वाले आरोपी युवक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार 19 वर्षीय युवती ने आरोपी किशोर मनोहर घाड़गे (25) के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया है। पीड़ित युवती का आरोप है कि, किशोर ने 1 जनवरी से 22 अप्रैल के बीच उसे परेशान किया और उसके और उसके कुछ रिश्तेदारों के मोबाइल पर अश्लील फोटो भेजकर उसे बदनाम किया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

हाथ-गाल पर ब्लेड मारकर युवक ने की आत्महत्या
नवीन कामठी इलाके में एक युवक ने खुद को ब्लेड मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक का नाम राहुल पाटील (29) है। आत्महत्या का कारण अज्ञात है। घटना 26 अप्रैल को हुई। पुलिस के अनुसार जयभीम नगर, नागबौद्ध विहार के पास, कलमना रोड निवासी राहुल ने खुद के हाथ और गाल पर ब्लेड मारकर जख्मी किया। उसे उपचार के लिए मेयो अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। नवीन कामठी थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है।

युवक की चाकू से हमला कर हत्या
पांचपावली थानांतर्गत मंगलवार की रात फिर हत्या की वारदात हुई। एक युवक को मौत के घाट उतार दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही आला पुलिस अधिकारी सदल-बल मौके पर पहुंचे। तीन दिन के भीतर पांचपावली थाना क्षेत्र में हत्या की  दूसरी वारदात है।

रंजिश में दिया घटना को अंजाम
मृतक लालगंज खैरीपुरा निवासी रूपेश मुरलीधर कुंभारे (22) है। मुरलीधर किसी दुकान  में काम करता था। कुछ लड़कों के साथ उसकी रंजिश चल रही थी। रंजिश किस बात को लेकर थी यह पता नहीं चल सका है। घटना की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच चाकूओं से लैस हमलावरों ने रूपेश को बांग्लादेश नाईक तलाब परिसर में घेर लिया और उसे मौत के घाट उतार दिया। रूपेश को मेयो अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत्यु की पुष्टि की। 

दो युवक हिरासत में
इस बीच घटना की सूचना मिलते ही आला पुलिस अधिकारी सदल-बल मौके पर पहुंचे। इस मामले में गोलू और अन्य युवक को हिरासत मंे लिया गया है। उसने पूछताछ जारी है। समाचार लिखे जाने तक प्रकरण दर्ज होना बाकी था। 

आपाराधिक प्रवृत्ति का था इंदल 
उल्लेखनीय है कि, रविवार की रात पांचपावली थाना क्षेत्र में ही इंदल नामक अापराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति को नाबालिगों ने रंजिश के चलते मौत के घाट उतार दिया था। एक दिन के अंतराल में मंगलवार की रात हत्या का यह ताजा मामला हुआ। जांच जारी है। 
 

 

Created On :   28 April 2021 8:12 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story