- Home
- /
- दो दिन में हुई रापनि को 7.90 लाख की...
दो दिन में हुई रापनि को 7.90 लाख की आय

डिजिटल डेस्क, अमरावती। एसटी महामंडल के कर्मचारियों की बेमियादी हड़ताल अब भी जारी है। जो कर्मचारी काम पर वापस लौटे हैं, उनके भरोसे जिले में 41 एसटी बसों को चलाते हुए पूरे दिन में 116 फेरी की जा रही है। इसी के सहारे बुधवार और गुरुवार को दो दिनों में एसटी महामंडल की 7 लाख 90 हजार 13 रुपए आय हुई। अमरावती जिले में 2700 से अधिक कर्मचारी हड़ताल पर थे। इनमें से 405 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है और 467 कर्मचारी बर्खास्त किए जा चुके हैं। इसके अलावा 475 एसटी कर्मचारी काम पर लौटे। इनमें 45 चालक और 35 वाहकों का समावेश है। इन चालक और वाहकों के भरोसे जिले में कुल 41 एसटी बसों को सड़कों पर दौड़ाया जा रहा है। जिनकी प्रतिदिन 116 फेरियां हो रही है।
अमरावती विभाग के सभी 8 डिपो से एसटी बसें शुरू की गई हैं। इनमें चांदुर बाजार, मोर्शी, दर्यापुर, चांदुर रेलवे, वरुड, परतवाड़ा, अमरावती का समावेश है। इन 8 डिपो से बसों का संचालन चल रहा है। कुल 41 एसटी बसों से जिले में 116 फेरियां हर दिन चलाई जा रही है। बुधवार और गुरुवार को इन 41 एसटी बसों के जरिए दो दिनों में 17 हजार 375 किमी का सफर एसटी बसों ने पूरा किया है। इन 116 फेरियों में 11 हजार 470 यात्रियों ने सफर किया है और रापनि के अमरावती विभाग को इससे 7 लाख 90 हजार 13 रुपए की आय हुई। चालक और वाहकों की संख्या बढ़ाने का प्रयास एसटी महामंडल कर रहा है। पांच सेवानिवृत्त कर्मचारियों को वापस काम पर लिया गया है। आगामी दिनों मंे कर्मचारी हड़ताल से वापस नहीं लौटते हंै तो उन पर कड़ी कार्रवाई करने और नए कर्मचारियों की नियुक्ति करने के मूड में एसटी महामंडल दिखाई दे रही है।
रोजाना 8 हजार से अधिक यात्री कर रहे सफर
एसटी महामंडल के अमरावती सहित विभाग के 8 डिपो से हर दिन 8 हजार से अधिक यात्री सफर कर रहे हैं। अमरावती से एसटी बसें नागपुर, अकोला, बुलढाणा, वाशिम के अलावा अन्य जिलों में चलाई जा रही है। धीरे-धीरे एसटी बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी ताकि आय में इजाफा हो।
जल्द होगी कर्मियों की नियुक्ति
एसटी महामंडल का पहले ही काफी नुकसान हुआ है। अब बसों की संख्या और फेरियां बढ़ाने के लिए नए कर्मचारियों की नियुक्ति की जा सकती है। आगामी दिनों में इस पर निर्णय होनेवाला है। कुछ सेवानिवृत्त कर्मचारियों को काम पर वापस लेने की प्रक्रिया जारी है। अब तक 5 कर्मियों को काम पर लिया गया है। आगे यह संख्या बढ़ेगी। -श्रीकांत गभणे, डिपो नियंत्रक
Created On :   28 Jan 2022 12:21 PM IST