- Home
- /
- 10 वर्षों में 235 प्रतिशत बढ़ गए...
10 वर्षों में 235 प्रतिशत बढ़ गए दुष्कर्म के मामले

डिजिटल डेस्क, मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई महिलाओं और बच्चों के लिए साल-दर-साल ज्यादा असुरक्षित होती जा रही है। महानगर में पिछले 10 सालों में महिलाओं से दुष्कर्म के मामले 235 फीसदी बढ़े हैं साथ ही छेड़छाड़ की वारदातों में भी 172 फीसदी का इजाफा हुआ है। आंकड़े बताते हैं कि इसी दौरान अपहरण की वारदातें 650 फीसदी बढ़ गईं हैं। गैर सरकारी संस्था ‘प्रजा फाउंडेशन’ द्वारा जारी रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। आंकड़े यह भी बताते हैं कि एक ओर अपराध बढ़ रहे हैं दूसरी ओर पुलिस दर्ज मामलों की जांच छानबीन कर आरोपियों को जल्द सजा दिलाने में नाकाम साबित हो रही है।
तो सुनवाई होने में लग जाएंगे 34 साल
संस्था द्वारा पेश किए गए आंकड़ों के मुताबिक मुंबई महानगर में साल 2021 में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ हुए अपराधों में से 96 फीसदी मामलों की सुनवाई लंबित थी। इस दौरान बाल यौन उत्पीड़न रोकथाम कानून पाक्सो के तहत दर्ज मामलों की सुनवाई पूरी होने में 1 से 5 साल तक लग गए। साल 2016 से 2021 तक दूसरी श्रेणी के 2401 मामलों में ही फैसले हुए। जिस गति से अदालतों में फैसले हो रहे है उसके मुताबिक साल 2021 तक लंबित सभी मामलो की सुनवाई पूरी होने में ही 34 साल लग जाएंगे। प्रजा फाउंडेशन के संस्थापक निताई मेहता ने कहा कि जहां एक ओर महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं वहीं पुलिसकर्मियों की रिक्तियां साल 2018 के 22 फीसदी से बढ़कर साल 2022 में 28 फीसदी पहुंच गई है। वारदातों की जांच में अहम भूमिका निभाने वाले पुलिस इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर के भी 18 फीसदी पद रिक्त हैं।
नाबालिगों के बलात्कार के 100 फीसदी मामलों में आरोपी परिचित
आंकड़ों के मुताबिक साल 2021 में मुंबई में दर्ज दुष्कर्म के 888 फीसदी मामलों में से 59 फीसदी मामलों में पीड़ित नाबालिग थीं। पाक्सो कानून के तहत दर्ज सभी 100 फीसदी मामलों में आरोपी पीड़ित लड़कियों की पहचान के थे। प्रजा फाउंडेशन के हेड डायलाग प्रमुख योगेश मिश्रा ने कहा कि यह बेहद जरूरी है कि बच्चियों को यौन उत्पीड़न को लेकर स्कूलों और दूसरी जगहों पर जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि यह जरूरी है कि पाक्सो के तहत दर्ज मामलों की सुनवाई विशेष पाक्सो अदालतों में ही की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि एक साल के भीतर सुनवाई पूरी हो जाए।
Created On :   18 Oct 2022 7:39 PM IST