- Home
- /
- नागपुर में रिकवरी बढ़ी, लेकिन...
नागपुर में रिकवरी बढ़ी, लेकिन संक्रमण का खतरा बरकरार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पिछले दो महीने से कोरोना संक्रमितों व मृतकों की संख्या ने प्रशासनिक व्यवस्था को एक तरह से नाकाम साबित कर दिया था। अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन, दवाओं की मारामारी मची रही। थोड़ी राहत मिली है। बीते सप्ताह 3 से 9 मई तक 143504 नमूनों की जांच की गई। जांच में 29705 नमूने संक्रमित पाए गए। वहीं, 48557 लोगों ने कोरोना को हराया।
हर दिन संक्रमित कम
3 मई को 20178 नमूनों की जांच की गई थी। इस दिन 4987 संक्रमित पाए गए थे। सप्ताह के आखिरी दिन 9 मई को 17835 नमूनाें की जांच हुई। इनमें से 3104 नमूने संक्रमित पाए गए। इस बीच 6 मई को संक्रमितों का आंकड़ा 4900 था।
शनिवार को सर्वाधिक स्वस्थ
सप्ताह भर में 48557 लोगों ने कोरोना को मात दी है। शनिवार को 7799 लोग स्वस्थ होकर घर लौटे। सप्ताह की शुरुआत में यह संख्या 6601 थी। आखिरी दिन रविवार को 6544 थी।
मानसिकता नहीं बदल रही
सप्ताह भर में 543 लोगों की मौत हुई है। यानि हर दिन औसतन 77 लोगों की मौत। इसके बावजूद मानसिकता नहीं बदल रही है। सुरक्षा के सारे नियमों को ताक पर रखा जा रहा है। हर दिन सुबह 7 से 11 बजे तक बाजारों में भीड़ दिखाई देती है। अधिकतर दुकानदार चोरी-छिपे शटर बंद कर दुकानदारी चला रहे हैं। सोशल डिस्टेंसिंग, मॉस्क आदि का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। लोग कंटेंटमेंट एरिया में घूमते नजर आते हैं। अधिकतर लोग लक्षण होने के बाद भी जांच करवाने से हिचकिचा रहे हैं। ऐसे में संक्रमण बढ़ने का खतरा बना है।
Created On :   10 May 2021 9:59 AM IST