- Home
- /
- कोविड हॉस्पिटल समर्पण में नए मरीजों...
कोविड हॉस्पिटल समर्पण में नए मरीजों की भर्ती बंद

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नर्सिंग स्टाफ के हड़ताल पर जाने से कोविड हॉस्पिटल समर्पण में भर्ती मरीजों के लिए समस्या खड़ी हो गई थी। इसे ध्यान में रखकर अस्पताल प्रबंधन ने कोरोना संक्रमित नए मरीजों की भर्ती पर अस्थायी रोक लगा दी है। कुछ नए और पुराने नर्सिंग स्टाफ के साथ ही डॉक्टर्स की भर्ती करने से फिलहाल भर्ती मरीजों की समस्या खत्म हो गई है। उल्लेखनीय है कि, कोविड हॉस्पिटल समर्पण की एक नर्स पिछले माह पॉजिटिव आई थी। इंदिरा गांधी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मेयो) में उपचार के लिए उसे भर्ती कराया गया था। तभी समर्पण हॉस्पिटल को कोविड मरीजों का उपचार करने की अनुमति मिली। अस्पताल प्रबंधन ने नर्स के परिवार को उसे समर्पण में भर्ती करने को कहा।
नर्स को भर्ती करवाने के पहले ही उसे वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया, इसलिए उसे शिफ्ट नहीं किया जा सका और बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात वहीं नर्स की मौत हो गई थी। गुरुवार को अस्पताल से 30 में से 2 मरीज डिस्चार्ज हुए थे। 28 का उपचार चल रहा था। मामले की जानकारी अस्पताल प्रबंधन ने मनपा के स्वास्थ्य अधिकारी को दी थी। साथ ही गंभीर मरीजों को शिफ्ट करने का आग्रह किया था। हालांकि, वर्तमान में उसकी जरूरत नहीं पड़ी। शुक्रवार को और 4 मरीज डिस्चार्ज होने से अस्पताल में अब 26 मरीज बचे हैं।
मरीजों को शिफ्ट करने सूचित किया
गुरुवार को करीब 15 नर्सेस हड़ताल पर गईं थीं। हम कुछ पुरानी और नई नर्सेस से काम ले रहे हैं। नए डॉक्टर्स ने भी ज्वाइन किया है। हमने मनपा को गंभीर मरीजों को शिफ्ट करने के लिए सूचित किया था। हालांकि, अभी वह जरूरत नहीं दिख रही है। जल्द ही और स्टाफ आने से समस्या दूर हो जाएगी। नए कोविड मरीजों को फिलहाल भर्ती नहीं किया जा रहा है। इसकी सूचना मनपा को दे दी है, ताकि व्यवस्था बनी रहे। -डॉ. संजय चंदनखेड़े, डायरेक्टर, समर्पण हॉस्पिटल
Created On :   5 Sept 2020 4:21 PM IST