- Home
- /
- रंजीत सफेलकर के श्रीराम सेना संगठन...
रंजीत सफेलकर के श्रीराम सेना संगठन का पंजीयन रद्द

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सहायक धर्मादाय आयुक्त-2 ने कामठी के श्रीराम सेना संगठन के पंजीयन को रद्द कर दिया है। इस संगठन का अध्यक्ष रंजीत हलके सफेलकर था। संगठन का पंजीयन रद्द करने के लिए अपराध शाखा पुलिस ने रंजीत सफेलकर का क्राइम रिकार्ड सहायक धर्मादाय आयुक्त-2 को भेजा था।
सेंट्रल जेल में बंद है
उल्लेखनीय है कि कामठी के कुख्यात बदमाश रंजीत सफेलकर ने अन्य पदाधिकारियों के साथ मिलकर श्रीराम सेना संगठन की शुरुआत की थी। संगठन का अध्यक्ष खुद रंजीत सफेलकर था। सफेलकर के खिलाफ शहर में हत्या करने, फिरौती मांगने, हथियार लेकर धमकाने, मारपीट करने, जबरन प्लाट व खेती हथियाने, जान से मारने की धमकी देने सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे अपराध शाखा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह फिलहाल नागपुर की सेंट्रल जेल में बंद है। धर्मादाय आयुक्त के कोर्ट में पुलिस के आवेदन पर 29 जून को सुनवाई की और आदेश दिया कि श्रीराम सेना संगठन का धारा 22 (3-ए) महाराष्ट्र पब्लिक ट्रस्ट एक्ट 1950 के अंतर्गत पंजीयन रद्द किया गया है।
Created On :   1 July 2021 1:16 PM IST