- Home
- /
- पीडीएमसी में भिड़े मरीजों के...
पीडीएमसी में भिड़े मरीजों के रिश्तेदार और अस्पताल के कर्मी

डिजिटल डेस्क, अमरावती। डॉ. पंजाबराव देशमुख वैद्यकीय महाविद्यालय व अस्पताल में मरीजों के रिश्तेदार और कर्मचारियों के बीच जबरदस्त विवाद हुआ। इस कारण अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति निर्माण हुई थी। पुलिस उपायुक्त एम.एम. मकानदार, सहायक पुलिस आयुक्त पुनम पाटील, गाडगेनगर के थानेदार आसाराम चोरमोले ने तत्काल अस्पताल पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया।
जानकारी के अनुसार दर्यापुर तहसील के ग्राम कोल्हापुर निवासी नसीम अंजुम मुमताज रहमान नामक महिला को हाथ के ऑपरेशन के लिए 28 अगस्त को डॉ. पंजाबराव देशमुख अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस महिला के पास स्वास्थ्य योजना का कार्ड नहीं रहने के कारण डॉक्टरों ने उसके हाथ पर शल्यक्रिया करने के लिए 60 हजार रुपए खर्च बताया था। महिला के रिश्तेदारों ने इसमें से 50 हजार रुपए फोन पे द्वारा अस्पताल में जमा किए थे। मंगलवार 30 अगस्त को शल्यक्रिया होनी थी। लेकिन समय पर डॉक्टर खाना खाने घर चले गए। उसके बाद महिला के हाथ पर शल्यक्रिया हुई। किंतु उसके बाद महिला के हाथ की उंगलियां काली पड़ने लगी। मरीज के रिश्तेदारों ने यह बात डॉक्टरों को बतानी चाही। लेकिन उनकी सुनने के लिए कोई तैयार नहीं रहने से उनका अस्पताल के कर्मचारियों के साथ विवाद हुआ। तब अस्पताल के सुरक्षाकर्मी भी हंगामा करनेवालों को रोकने के लिए सामने आए।
कर्मचारी और मरीज के रिश्तेदारों में मारपीट हुई। यह बात पुलिस तक पहुंची। पुलिस का दल अस्पताल में पहुंच गया। लेकिन तब तक मरीज के रिश्तेदारों ने फोन कर अपने अन्य रिश्तेदारों को भी अस्पताल में बुला लिया था। इस कारण अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार के पास लोगों की काफी भीड जमा होने से वहां तनाव की स्थिति बनी हुई थी। समय पर पुलिस ने मध्यस्थता कर विवाद को निपटाया। गाडगेनगर थाने में अस्पताल प्रशासन की ओर से और मरीज के रिश्तेदारों की ओर से शिकायत दर्ज की गई। किंतु खबर लिखे जाने तक पुलिस ने किसी पर भी मामला दर्ज नहीं किया है।
Created On :   1 Sept 2022 2:45 PM IST