- Home
- /
- मरम्मत के नाम पर रेलवे ने फूंके 18...
मरम्मत के नाम पर रेलवे ने फूंके 18 लाख

डिजिटल डेस्क, नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के डीआरएम कार्यालय को चमकाने के नाम पर 18 लाख रुपए फिजूल ही खर्च करने वाला है। यहां लगी टाइल्स और कोटा पत्थर ठीक हैं। फिर भी इन्हें निकालकर नई टाइल्स व पत्थर लगाए जा रहे हैं।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के डीआरएम कार्यालय के फर्स्ट फ्लाेर में कॉरिडोर, सीढ़ी, रेलिंग, दीवारों व पहली मंजिल पर मरम्मत का काम चल रहा है। फर्श पर लगे कोटा पत्थर को निकालकर टाइल्स लगाई जा रही है। सीढ़ी के रेलिंग में लगी टाइल्स भी निकाली जा रही है। जो टाइल्स व पत्थर निकाले जा रहे हैं, वह करीब 10 साल पुराने हैं। जबकि हकीकत ये है कि यह सब अभी भी खराब नहीं हुए हैं।
काफी पुरानी हो चुकी थीं टाइल्स
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सीनियर डीईएम सत्यनारायण ने बताया कि फ्लोरिंग, दीवारों पर पत्थर लगाना व टॉयलेट-बाथरूम का काम होना है। टाइल्स पुरानी होने के साथ ही खराब हुई थी, इसीलिए इसे बदला जा रहा है। सीढ़ी की रेलिंग के साथ जो टाइल्स लगी थी वह छोटी थी। अब बड़ी टाइल्स लगाई जा रही है।
कहा है कि जो टाइल्स लगी थी, वह पुरानी मॉडल की थी। यह काम 15 सितंबर तक चलने की उम्मीद है। वायरिंग भी नई होगी। डीआरएम कार्यालय के विभागों में नई वायरिंग होगी। इस पर 5 लाख का खर्च आएगा। पहले की वायरिंग काफी पुरानी हो चुकी है। इसी तरह टेलीफोन लाइन भी बदली जाएगी। इस पर करीब 8 लाख रुपए खर्च आएगा। इसके लिए निधि मंजूर हो चुकी है।
Created On :   15 July 2017 5:56 PM IST