गणतंत्र दिवस: 88 साल बाद फिर घोड़ों पर गश्त लगाती दिखेगी मुंबई पुलिस, परेड में भी लेगी हिस्सा

गणतंत्र दिवस: 88 साल बाद फिर घोड़ों पर गश्त लगाती दिखेगी मुंबई पुलिस, परेड में भी लेगी हिस्सा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। गणतंत्र दिवस पर मुंबई के शिवाजी पार्क में होने वाली परेड में 88 साल बाद एक बार फिर मुंबई पुलिस घोड़ों पर सवार नजर आएगी। अश्व दल यानी माऊंटेड पुलिस यूनिट न सिर्फ 26 जनवरी परेड में शामिल होगा, बल्कि इसी दिन से मुंबई में यह दल कई इलाकों में गश्त भी शुरू करेगा। महानगर के समुद्री किनारों और चौपाटियों के साथ अन्य भीड़भाड़ वाली जगहों पर घुड़सवार पुलिसकर्मी दिखेंगे। 

ट्रैफिक नियंत्रण के लिए भी घुड़सवार पुलिसकर्मियों के इस्तेमाल की योजना है। मुंबई में सफलता मिलने पर इसे नागपुर और पुणे जैसे शहरों में भी शुरू किया जाएगा। राज्य के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने रविवार को अश्वदल का जायजा और इसके बारे में जानकारी ली। इस दौरान मुंबई पुलिस के आलाअधिकारी भी उनके साथ मौजूद थे। देशमुख ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि साल 1932 तक मुंबई में घुड़सवार पुलिसकर्मी मुंबई की सड़कों पर गस्त करते थे, लेकिन बढ़ती गाड़ियों के चलते यूनिट बंद करने का फैसला किया गया।

अब पुलिस के पास अत्याधुनिक और तेज गति से चलने वाली गाड़ियां और मोटरसाइकिलें हैं लेकिन भीड़भाड़ वाली जगहों पर घोड़े पर सवार पुलिसकर्मी स्थिति पर बेहतर तरीके से नियंत्रण कर सकेंगे। जिन जगहों पर गाड़ियां नहीं जा पाएंगी घुड़सवार पुलिसकर्मी वहां भी तेज गति से पहुंच सकेंगे। त्योहारों की भीड़ और मोर्चे आदि के दौरान इसका अच्छा इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसके अलावा भीड़ में चोरी और महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी यह कारगर हथियार साबित हो सकता है। देशमुख ने कहा कि घोड़े पर सवार एक पुलिसकर्मी 30 पैदल पुलिसकर्मियों की तरह स्थिति पर नियंत्रण कर सकेगा। उन्होंने कहा कि नागपुर और पुणे जैसे शहरों में भी हॉर्स माउंटेड यूनिट शुरू करने पर विचार किया जा रहा है।

ढाई एकड़ में तबेला
मुंबई पुलिस आयुक्त संजय बर्वे ने बताया कि मरोल इलाके में ढाई एकड़ जगह की पहचान कर ली गई है जहां 30 घोड़ों के लिए तबेला बनेगा। यहां घोड़ों की देखरेख और ट्रेनिंग के लिए तमाम सुविधाएं होंगी। माउंटेड पुलिस यूनिट के लिए सरकार ने 30 घोड़ों, 1 पुलिस उपनिरीक्षक, 1 सहायक पुलिस उपनिरीक्षक, 4 पुलिस हवलदार और 32 सिपाहियों को मंजूरी दी गई है। यूनिट के लिए 13 विदेशी नस्ल के घोड़े खरीदे जा चुके हैं जबकि बाकी घोड़ों को भी जल्द ही खरीद लिया जाएगा।

Created On :   19 Jan 2020 6:07 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story