घर में घुसकर हथियार के बल पर लूट, आदर्श नगर की घटना, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

Robbery by entering the house, the incident of Adarsh Nagar
घर में घुसकर हथियार के बल पर लूट, आदर्श नगर की घटना, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
छिंदवाड़ा घर में घुसकर हथियार के बल पर लूट, आदर्श नगर की घटना, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस


डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। देहात थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में रविवार रात तीन बदमाश एक सेवानिवृत्त जनपद सीईओ के घर में घुस आए। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को डरा धमकाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। वारदात की सूचना मिलने पर सुबह लगभग चार बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान कर रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया है।

मंडला जनपद सीईओ के पद से सेवानिवृत्त ६४ वर्षीय नवलकिशोर साहू ने पुलिस को बताया कि रविवार रात लगभग तीन बजे तीन बदमाश घर में घुस गए थे। आरोपियों ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी और पड़ोस के कमरे में सो रही पत्नी व बेटी को भी जान से मारने की धमकी देकर शांत रहने कहा। आरोपियों ने पांच आलमारियों को खंगाला और उसमें रखी दो सोने की अंगूठी, सोने की बाली और लगभग १५०० रुपए नकद लूट ले गए। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का प्रकरण दर्ज किया है। इस मामले में सीएसपी प्रियंका पांडे ने बताया कि वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पीडि़त परिवार की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का प्रकरण दर्ज किया गया है। लूट के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

खिडक़ी की ग्रिल खोलकर अंदर घुसे-

आरोपी खिडक़ी पर लगी लोहे की ग्रिल खोलकर मकान के अंदर घुसे थे। आरोपियों ने पहले ग्राउंड फ्लोर में प्रवेश किया, जो खाली पड़ा है। इसके बाद आरोपी प्रथम तल पर पहुंचे। जहां साहू परिवार सो रहा था। हथियार के बल पर आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए।

आलिशान मकान पर सीसीटीवी कैमरे नहीं-

पुलिस ने बताया कि आलिशान मकान में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे है। इसकी वजह से वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों का सुराग नहीं मिला है। घटनास्थल से कुछ दूरी पर लगे सीसीटीवी कैमरे में तीन बदमाश दिखाई दे रहे हंै, हालांकि फुटेज स्पष्ट नहीं है।

Created On :   18 Oct 2022 11:43 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story