आरटीई : स्कूल रजिस्ट्रेशन का आज अंतिम दिन

डिजिटल डेस्क, नागपुर । आरटीई रजिस्ट्रेशन कराने में स्कूलों का प्रतिसाद नहीं मिल रहा है। 23 जनवरी से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आरंभ हुई। 3 फरवरी अंतिम तिथि है। पात्र स्कूल द्वारा रजिस्ट्रेशन नहीं करने पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। शिक्षा विभाग की चेतावनी का स्कूलों पर कोई असर नहीं हुआ। रजिस्ट्रेशन का एक दिन बचा है, फिर भी अनेक स्कूलों ने रजिस्ट्रेशन नहीं किया।
शिक्षणाधिकारी के सामने बड़ी चुनौती : शिक्षण आयुक्त ने जारी आदेश में जिले के पात्र 100 फीसदी स्कूलों का रजिस्ट्रेशन कराने की जिम्मेदारी प्राथमिक जिला शिक्षणाधिकारी पर तय की है। रजिस्ट्रेशन नहीं करने वाले स्कूलों के िखलाफ उचित कार्रवाई करने के अधिकार दिए हैं। स्कूलों का रजिस्ट्रेशन कराना जिला शिक्षणाधिकारी के सामने बड़ी चुनौती है।
आंकड़े बताने से कतरा रहा विभाग : स्कूलों का प्रतिसाद नहीं मिलने से शिक्षा विभाग रजिस्ट्रेशन कर चुके स्कूलों के अांकड़े देने से कतरा रहा है। पहले सप्ताह में 31 जनवरी तक 400 स्कूलों का रजिस्ट्रेशन होने की जानकारी मिली है। उसके बाद का आंकड़ा जानकारी जानने के लिए संपर्क करने पर प्रतिसाद नहीं मिला।
मेस्टा ने किया बहिष्कार : इंग्लिश मीडियम स्कूलों का संगठन मेस्टा ने आरटीई स्कूल रजिस्ट्रेशन का बहिष्कार किया है। साल 2019 से आरटीई प्रतिपूर्ति बकाया है। जब तक बकाया भुगतान नहीं किया जाता, तब तक रजिस्ट्रेशन नहीं करने की संगठन ने भूमिका ली है।
संगठन अपनी भूमिका पर अड़ा : रजिस्ट्रेशन को स्कूलों का प्रतिसाद नहीं मिलने पर जिला शिक्षणाधिकारी से गुरुवार को शिक्षा संस्थानों के संगठन प्रतिनिधि की बैठक बुलाई। उन्हें रजिस्ट्रेशन में सहयोग करने का आह्वान किया। शिक्षणाधिकारी के साथ बैठक में संगठन अपनी भूमिका पर अड़ा रहा।
पहले बकाया दो फिर रजिस्ट्रेशन : आरटीई प्रतिपूर्ति बकाया साल 2019-2020 से बकाया है। राज्य के स्कूलों का 1620 करोड़ रुपए प्रतिपूर्ति बकाया है। उसमें नागपुर जिले का लगभग 100 करोड़ रुपए हैं। प्रतिपूर्ति रकम नहीं मिलने से स्कूल चलाना मुश्किल हो गया है। पहले बकाया भुगतान, फिर स्कूल रजिस्ट्रेशन करने का संगठन ने निर्णय लिया है। -कपिल उमाले, मेस्टा संगठन
Created On :   3 Feb 2023 1:31 PM IST