- Home
- /
- फायर ब्रिगेड में एक चौथाई पद...
फायर ब्रिगेड में एक चौथाई पद रिक्त, RTI से मिली जानकारी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महानगर में आग लगने की लगातार हो रही घटनाओं के बीच एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मुंबई में अग्निशमन विभाग के लिए मंजूर पदों में से करीब एक चौथाई खाली हैं। सूचना के अधिकार कानून (RTI) के तहत मुंबई महानगर पालिका द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के मुताबिक महानगर में अग्निशमन विभाग के कुल 3807 पदों में से 927 पद खाली हैं।
मुंबई में पिछले साढ़े पांच सालों में आग लगने की 49179 घटनाएं सामने आने और इससे जुड़े हादसों में 987 लोगों के जान गंवाने और 3066 लोगों के जख्मी होने का खुलासा भी RTI के जरिए हो चुका है। ऐसे में सवाल उठता है कि एशिया की सबसे धनी महानगर पालिका क्या महानगर में रहने वाले नागरिकों की जान से खिलवाड़ कर रही है।
RTI कार्यकर्ता शकील अहमद शेख को सूचना अधिकारी व विभागीय अग्निशमन अधिकारी एसडी सावंत ने जो जानकारी दी है उसके मुताबिक मुंबई में अग्निशमन विभाग के लिए मंजूर 3807 पदों में से 2880 पर लोग तैनात हैं जबकि 927 पद रिक्त हैं। शेख के मुताबिक अग्निशमन विभाग की जिम्मेदारी बेहद अहम है।
विभाग की उस वक्त सबसे ज्यादा जरूरत होती है जब लोगों की जान खतरे में होती है। लेकिन जिस तरह से विभाग में मंजूर पदों में से करीब एक चौथाई खाली है इससे साफ है कि लोगों की जान के साथ खिलवाड किया जा रहा है। शेख ने मंजूर पदों को तुरंत भरने के लिए मुंबई मनपा आयुक्त अजोय मेहता और मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रभात रहांगडले को पत्र लिखा है।
क्या है अग्निशमन विभाग की जिम्मेदारी
अग्निशमन विभाग आग लगने के चलते होने वाले हादसों के दौरान तो बचाव कार्य करता है। पेड़/डालिया गिरने, चट्टान खिसकने, इमारत/दीवार गिरने, गैस लीक होने, रास्ते पर तेल फैसले, समुद्र, नदी, नाले, मैनहोल में गिरे लोगों के बचाने, कहीं अटके इंसान, जानवर, पक्षी को बचाने जैसे काम भी अग्निशमन विभाग के जवानों के हाथों में होता है।
रिक्त पद
उप प्रमुख अग्निशमन अधिकारी -1, विभागीय अग्निशमन अधिकारी-3, सहायक विभागीय अग्निशमन अधिकारी-3, वरिष्ठ केंद्र अधिकारी-20, केंद्र अधिकारी-26, सहायक केंद्र अधिकारी-80, सहायक केंद्र अधिकारी (संदेश)-2, दुय्यम अधिकारी-65, प्रमुख अग्निशामक-66, अग्निशामक-519, यंत्र चालक-134, रेडियो मैकेनिक-8
Created On :   24 Sept 2018 7:31 PM IST