- Home
- /
- राशन दुकानों में नमक आया, अब आ रही...
राशन दुकानों में नमक आया, अब आ रही है शक्कर, उड़द और चने की दाल

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सरकार ने जरूरतमंदों को इस साल दीपावली पर अनाज के अलावा नमक, शक्कर व चना दाल, उड़द दाल भी देने का फैसला किया है। नमक राशन दुकानों में पहुंच गया है आैर शक्कर के लिए टेंडर हो चुका है। तीन दिन बाद राशन दुकानों में शक्कर, चना दाल, उड़द दाल पहुंच जाएगी। गेहूं, चावल व तुअर दाल का बंपर स्टॉक पहले से मौजूद है। अंत्योदय, बीपीएल व प्राधान्य गट के राशन कार्ड पर गेहूं, चावल व तुअर दाल मिल रही है। दीपावली को देखते हुए सरकार ने इन राशन कार्डांे पर नमक, शक्कर, चना व उड़द दाल देने का निर्णय लिया है। आयोडीन व आयरनयुक्त नमक राशन दुकानों में पहुंच गया है। इसका वितरण भी शुरू हो गया है। मार्केट में इसी कंपनी का नमक 20 रुपए किलो है आैर राशन दुकानों से यह नमक 14 रुपए किलो मिल रहा है। एक कार्ड पर एक किलो नमक मिल रहा है। शक्कर के लिए टेंडर हुआ है आैर तीन दिन बाद गोदामों से शक्कर राशन दुकानों में पहुंच जाएगी। शक्कर 20 रुपए किलो मिलेगी। उड़द व चना दाल 35 रुपए किलो के हिसाब से मिलेगी। एक कार्ड पर एक किलाे शक्कर, एक किलो चना दाल व एक किलो उड़द दाल मिलेगी। गेहूं, चावल (इनमें से कोई एक) प्रति व्यक्ति 5 किलो मिलता है।
एक किलो पर डेढ़ रुपए कमीशन
राशन दुकानदार को एक किलो नमक, एक किलो शक्कर, एक किलो उड़द, चना व तुवर दाल बेचने पर डेढ़ रुपए कमीशन सरकार की तरफ से दिया जाएगा। अनाज पर भी राशन दुकानदार को डेढ़ रुपए कमीशन मिलता है। शक्कर, चना व उड़द दाल के लिए राशन दुकानदारों ने चालान भर दिए हैं।
तीन दिन में आएगी शक्कर, उड़द व चना दाल
प्रशांत काले, खाद्यान्न आपूर्ति अधिकारी के मुताबिक दीपावली पर पात्र राशन कार्ड धारकों को शक्कर, उड़द व चना दाल दी जाएगी। एक कार्ड पर एक किलो शक्कर, एक किलो उड़द दाल व एक किलो चना दाल दी जाएगी। तीन दिन में शक्कर व उड़द दाल, चना दाल आ जाएगी। इसे तुरंत राशन दुकानों में पहुंचाया जाएगा। गेहूं, चावल व तुअर दाल तो पात्र राशन कार्ड पर पहले से दी जा रही है। इसके अलावा शक्कर, उड़द व चना दाल भी दी जाएगी। एक कार्ड पर एक किलो नमक दिया जा रहा है।
मिट्टी तेल भी पहुंच गया है
शहर में सरकारी मिट्टी तेल पहुंच गया है। राशन दुकानों से मिट्टी तेल का वितरण शुरू हो गया है। जिन राशन कार्डों पर गैस कनेक्शन की एंट्री नहीं है, उन्हें अधिकतम 3 लीटर मिट्टी तेल दिया जा रहा है। नागपुर दौरे पर आए खाद्यान्न आपूर्ति मंत्री गिरीश बापट को राशन दुकानदार व मिट्टी तेल हॉकरों ने निवेदन देकर मिट्टी तेल देने की मांग की थी।
Created On :   28 Oct 2018 5:00 PM IST