- Home
- /
- पुलिस उपायुक्त के बंगले से चंदन का...
पुलिस उपायुक्त के बंगले से चंदन का पेड़ चोरी , फुटेज के आधार पर पकड़ाए आरोपी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर पुलिस परिमंडल-1 के उपायुक्त नुरुल हसन के सिविल लाइंस स्थित बंगले से चंदन के पेड़ काटकर ले जाने वाले दो आरोपियों को काटोल में जाल बिछाकर पकड़ा गया। आरोपियों के नाम राजेश उर्फ राजा केशवराव गुजरवार (34) गोन्ही और रूपेश गोकुल मुरडिया (28) वाढोणा, काटोल निवासी है। आरोपियों के फरार साथी ओमप्रकाश उर्फ सचिन तेजराम गुजरवार (30) वाढोणा निवासी की तलाश की जा रही है। आरोपियों से चोरी का माल जब्त किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 4 दिन की पुलिस रिमांड हासिल की। गुरुवार को पुलिस रिमांड समाप्त होने पर उन्हें न्यायालय ने न्यायिक हिरासत के तहत सेंट्रल जेल भेजने का आदेश दिया।
सुरक्षा दीवार का निर्माण शुरू था : पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उपायुक्त नुरुल हसन सिविल लाइंस स्थित बंगला नंबर 32, सिविल लाइंस सदर में रहते हैं। बंगले की सुरक्षा दीवार का निर्माणकार्य शुरू था। उस दौरान राजेश गुजरवार, रुपेश मुरडिया और ओमप्रकाश उर्फ सचिन गुजरवार गत 11 जुलाई को रात करीब 9 बजे नाले की ओर से बिना सुरक्षा दीवार की जगह से अंदर घुसे और चंदन के पेड़ की लकड़ी काटकर ले गए। 12 जुलाई को हवलदार रवींद्र चिचघाटे की शिकायत पर सदर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज किया था।
फुटेज से खुली पोल : पुलिस उपायुक्त विनीता साहू के मार्गदर्शन में छानबीन शुरू की गई। सदर के वरिष्ठ थानेदार संतोष बकाल ने सहयोगियों के साथ आरोपियों की खोजबीन में लगे। पुलिस ने गुप्त सूचना व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उक्त आरोपियों का पता लगा लिया। राजेश गुजरवार और रूपेश मुरडिया को काटोल से गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों से पुलिस दस्ते ने 5 किलो 500 ग्राम चंदन की लकड़ी सहित करीब 16 हजार 500 रुपए का माल जब्त किया। आरोपी पुलिस उपायुक्त नुरुल हसन के बंगले के अंदर से करीब 10 फीट लंबा चंदन का पेड़ काटकर ले गए थे।
इस बात का उठाया फायदा : आरोपी जिस जगह से बंगले के अंदर घुसे थे, वहां सुरक्षा दीवार का निर्माणकार्य शुरू था। रात में आरोपी इसी बात का फायदा उठाकर उनके बंगले में घुसे। फरार आरोपी की खोजबीन शुरू है। सदर के वरिष्ठ थानेदार संतोष बकाल के अनुसार, आरोपी ओमप्रकाश गुजरवार भी जल्द पुलिस गिरफ्त में आ जाएगा। सदर थाने के हवलदार भास्कर रोकडे, सिपाही विजेंद्र यादव, हरीश बढिये, सुधीर मडावी, आशीष बहल, और रूपेश हिवराले ने कार्रवाई में सहयोग किया।
Created On :   30 July 2021 10:15 AM IST