संजय जोशी के जन्मदिन पर शुभकामना देने दिल्ली पहुंचे नागपुर के समर्थक 

Sanjay Joshi Supporters from Nagpur reached Delhi to give good wishes
संजय जोशी के जन्मदिन पर शुभकामना देने दिल्ली पहुंचे नागपुर के समर्थक 
संजय जोशी के जन्मदिन पर शुभकामना देने दिल्ली पहुंचे नागपुर के समर्थक 

डिजिटल डेस्क, नागपुर। भाजपा के पूर्व संगठन महामंत्री संजय जोशी का जन्मदिन शुक्रवार को दिल्ली में मनाया गया। जन्मदिन पर शुभकामना देने के लिए देश भर से जोशी समर्थक पहुंचे। उनमें नागपुर के समर्थक भी प्रमुखता से शामिल रहे। खासकर भाजपा में सक्रिय राजनीति से किनारे लग रहे कार्यकर्ताओं के अलावा युवा कार्यकर्ताओं का भी समावेश रहा। शहर में राजनीतिक मामले में चर्चा में रहे ग्वालवंशी परिवार के सदस्य हरीश ग्वालवंशी व शैलेष ग्वालवंशी ने भी दिल्ली जाकर जोशी को शुभकामनाएं दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व संजय जोशी के बीच संगठनात्मक संघर्ष चर्चा में रहा है। मोदी के विरोध पर ही जोशी को भाजपा के संगठनमंत्री पद से हटाया गया। लेकिन बार बार उन्हें भाजपा में महत्वपूर्ण पद देने की बात उठते रहती है।गुजरात से लेकर दिल्ली व नागपुर तक जोशी के समर्थन व मोदी के विरोध में भाजपा के ही कार्यकर्ताओं में पोस्टर वार भी चला था। लेकिन कुछ समय से  यह भी संदेश दिया जाने लगा है कि मोदी व जोशी में मतभेद नहीं है।

सड़क पर झाड़ू लगाया
मोदी के स्वच्छता अभियान के समर्थन में जोशी ने नागपुर में ही सड़क पर झाड़ू लगाया था। खुलकर कहा था कि मोदी उनके नेता हैं। बाद में उत्तरप्रदेश चुनाव में जोशी को संगठनात्मक जिम्मेदारी मिली। विशेषकर मुस्लिम मतदाताओं को भाजपा से जोड़ने के कार्य में जोशी का बड़ा योगदान रहा। हालांकि संगठन में जोशी को कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी नहीं मिल पायी है। पिछले 4 वर्षों में देखा जाए तो जोशी का दिल्ली में मनाया जानेवाला जन्मदिन कार्यक्रम उनके समर्थकों का शक्ति प्रदर्शन रहता है। पिछले वर्ष नागपुर के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली जाकर लड्‌डू वितरित किया था। इस बार केक कटवाया गया।

विमान, रेल और कार से कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। 111 नार्थ एवेन्यू पर जन्मदिन कार्यक्रम में नागपुर के कार्यकर्ता काफी समय तक रहे। कार्यक्रम में शामिल एक कार्यकर्ता के अनुसार इस बार जोशी को शुभकामना देने के लिए विविध राज्यों से 10 हजार से अधिक कार्यकर्ता पहुंचे। पुष्पगुच्छ के अलावा जोशी के संगठनात्मक कार्यों से जुड़ी पुरानी तस्वीर की फ्रेम उन्हें भेट की गई।

ग्वालवंशी परिवार के सदस्यों ने भी दी शुभकामना
कार्यकर्ताओं में जय जवान जय किसान मंच के संयोजक प्रशांत पवार, पूर्व नगरसेवक रमेश चोपडे, सुरेंद्र यादव , राजीव गोल्हर, मोहन त्रिवेदी, अमित पांडेय, खेमराज दमाहे, अमित मिश्रा, अमित यादव, विजय यादव के अलावा करीब 60 से अधिक कार्यकर्ता शामिल हुए। जमीन मामले को लेकर चर्चित ग्वालवंशी परिवार के सदस्यों का आरोप रहता है कि उन्हें राजनीतिक कारणों से विवाद में फंसाने का प्रयास किया जाता है। ग्वालवंशी परिवार के कब्जे से एसआईटी ने कई एकड़ जमीन मुक्त भी करायी है। इस परिवार के सदस्य भी जोशी को शुभकामना देने दिल्ली पहुंचे। 

Created On :   6 April 2018 1:17 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story