कोल्हापुर उपचुनाव के लिए सत्यजीत कदम होंगे भाजपा उम्मीदवार

Satyajit Kadam will be BJP candidate for Kolhapur by-election
कोल्हापुर उपचुनाव के लिए सत्यजीत कदम होंगे भाजपा उम्मीदवार
महा विकास आघाडी की तरफ से कांग्रेस उतारेगी प्रत्याशी  कोल्हापुर उपचुनाव के लिए सत्यजीत कदम होंगे भाजपा उम्मीदवार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। उत्तर कोल्हापुर विधानसभा सीट के उप चुनाव के लिए भाजपा ने सत्यजीत कदम को अपना उम्मीदवार बनाया है। जबकि महा विकास आघाडी की तरफ से इस सीट पर कांग्रेस अपना उम्मीदवार उतारेगा। शनिवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने कदम की उम्मीदवारी का एलान किया। कांग्रेस विधायक चंद्रकांत जाधव के निधन से रिक्त हुई इस सीट के लिए 12 अप्रैल को मतदान होगा।  

 2019 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से शिवसेना-भाजपा गठबंधन की तरफ से शिवसेना ने अपने सिटिंग एमएलएराजेश क्षीरसागर को अपना उम्मीदवार बनाया था। पर कांग्रेस के चंद्रकांत जाधव ने इस सीट से लगातार दो बार विधायक चुने गए शिवसेना के राजेश क्षीरसागर को पराजित कर दिया था। यह सीट शिवसेना का गढ़ रहा है। 1995 व 1999 में यहां से शिवसेना के सुरेश सलाखे विधायक चुने गए थे। 2004 के चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मालोदी राजे ने सलाखे को पराजित कर इस सीट पर कब्जा जमाया था लेकिन 2009 के विधानसभा चुनाव में शिवसेना के राजेश क्षीरसागर ने फिर से इस सीट पर भगवा फहराते हुए जीत दर्ज की।

क्षीरसागर 2014 में भी इस सीट से विधायक बनने में सफल रहे लेकिन 2019 में उन्हें कांग्रेस के जाधव के हाथों 15 हजार 199 वोटों के अंतर से पराजित होना पड़ा। उप चुनाव में शिवसेना यह सीट छोड़ना नहीं चाहती थी लेकिन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पटोले, मंत्री अशोक चव्हाण और बाला साहेब थोरात की बैठक के बाद शिवसेना यह सीट कांग्रेस के लिए छोड़ने के लिए राजी हो गई। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि महा विकास आघाडी के तीनों दलों के बीच इस बात को लेकर सहमती बनी है कि किसी सीट पर उपचुनाव की नौबत आने पर सिंटिगं पार्टी ही वहां अपना उम्मीदवार उतारेगी। जयश्री जाधव बनेंगी कांग्रेस उम्मीदवार सूत्रों के अनुसार कांग्रेस की तरफ से दिवंगत विधायक चंद्रकांत जाधव की पत्नी जयश्री जाधव उम्मीदवार होंगी। उनका नाम केंद्रीय नेतृत्व के पास भेज दिया गया है। जयश्री फिलहाल कोल्हापुर मनपा में कांग्रेस की नगरसेवक हैं। 

Created On :   19 March 2022 7:59 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story