- Home
- /
- स्कूलों ने शुरू की आनलाइन क्लासेस,...
स्कूलों ने शुरू की आनलाइन क्लासेस, एप भी किए जारी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। लॉकडाउन के कारण सभी अपने-अपने घरों में कैद हैं। घर में रहकर बच्चे भी ऊब गए हैं। बच्चों की पढ़ाई और स्कूलों पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। स्कूलों ने बच्चों को बिना परीक्षा लिए ही अगली कक्षा में प्रमोट कर दिया है। वहीं शहर के कुछ स्कूलों ने बच्चों की पढ़ाई के नुकसान की भरपाई के लिए ऑनलाइन क्लासेस शुरू की हैं। कई स्कूलों ने एप बनवाए हैं, जिससे वे बच्चों को ऑनलाइन पढ़ा रहे हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई भी नियमित शुरू हो गई है। बच्चों को मोबाइल या लैपटॉप में क्लास से परेशानी होती थी, इसलिए टीचर्स को स्कूल की तरफ से बोर्ड भी प्रोवाइड किए गए हैं। ऑनलाइन क्लासेस में उनकी पूरी क्लासेस होती है, उन्हें लंच ब्रेक दिया जाता है। क्लास का टाइम कम है, पूरे दिन में चार या पांच क्लास ही होती है। इन दिनों घर में बच्चों को "गुरुजी" दे रहे ज्ञान दे रहे हैं। स्कूल भी वर्क फ्रॉम स्टडी की फैसिलिटी दे रहे हैं।
बच्चे ले रहे रुचि
एक स्कूल की एकेडेमिक डीन वर्षा जोशी ने बताया कि, बच्चों की ऑनलाइन क्लासेस शुरू की जा चुकी हैं। स्कूल ने एक एप पर्चेस किया है, जिसकी आईडी बच्चों को दी गई है। भले ही बच्चों को नेक्स्ट क्लास में प्रमोट किया गया है, लेकिन ऑनलाइन क्लासेस के थ्रू उनका रिवीजन लिया जा रहा है। हर सब्जेक्ट के लिए अलग-अलग टीचर हैं, जो अपना-अपना सब्जेक्ट पढ़ाती हैं। इस एप के जरिए एक टाइम में 800 बच्चों को पढ़ाया जा सकता है। बच्चे भी ऑनलाइन क्लास में रुचि ले रहे हैं।
सेंट्रल ऑफिस से तैयार किया शेड्यूल
स्कूल की प्राचार्या डॉ. सुलक्षणा भुयार ने कहा कि, सेंट्रल ऑफिस से ऑनलाइन क्लासेस का शेड्यूल तैयार किया गया है। भारत देश में स्कूल की जितनी भी शाखाएं हैं, वहां हर सब्जेक्ट का हर दिन के लिए टॉपिक तैयार किया गया है। उसी के अनुसार क्लास ली जाती है। बस समय अलग हो सकता है। स्टूडेंट्स की सुविधा के लिए टीचर्स को बोर्ड भी प्रोवाइड कराए गए हैं। स्टूडेंट्स ऑनलाइन अपने सवाल पूछते हैं और टीचर्स उनके सवालों का जवाब देती है। लॉकडाउन में स्टूडेंट्स के लिए ऑनलाइन का उपाय निकाला गया है। 4 अप्रैल तक शेड्यूल फिक्स था, जिसमें पुराने कोर्स के अनुसार ही उन्हें पढ़ाया जा रहा है।
Created On :   11 April 2020 4:19 PM IST