मुंबई कांग्रेस के नए अध्यक्ष की तलाश शुरू, पार्टी प्रभारी खडगे से मिले कांग्रेस नेता

Search begins for new president of Mumbai Congress, Congress leader met party in-charge Kharge
मुंबई कांग्रेस के नए अध्यक्ष की तलाश शुरू, पार्टी प्रभारी खडगे से मिले कांग्रेस नेता
मुंबई कांग्रेस के नए अध्यक्ष की तलाश शुरू, पार्टी प्रभारी खडगे से मिले कांग्रेस नेता

डिजिटल डेस्क,  मुंबई। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद कांग्रेस संगठन में भी फेरबदल की कवायद शुरु हो गई है। ऐन विधानसभा चुनाव के मौके पर पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री मिलिंद देवड़ा के इस्तीफे के बाद से मुंबई कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष के भरोसे ही चल रही है। 2022 के मुंबई मनपा चुनाव के मद्देनजर मुंबई कांग्रेस को एक नए अध्यक्ष की जरुरत है।

गुरुवार को मुंबई आए पार्टी प्रभारी मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात कर कांग्रेस नेताओं ने नए अध्यक्ष की नियुक्ति की मांग की। कभी कांग्रेस का गढ़ रहे देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में फिलहाल पार्टी की हालत अच्छी नहीं है। 2014 के मोदी लहर के चलते हिंदीभाषियों खासकर उत्तरभारतीयों ने कांग्रेस का साथ क्या छोड़ा महानगर में पार्टी की हालत खस्ता हो गई। रही सही कसर मुंबई कांग्रेस के तत्कालीन अध्यक्ष संजय निरुपम ने पूरी कर दी।

निरुपम की तानाशाही के चलते कांग्रेस के अधिकांश उत्तरभारतीय नेता पार्टी छोड़ कर भाजपाई बन गए। विधानसभा चुनाव के बाद हुए अप्रत्याशित सत्ता परिवर्तन के बाद महानगर के कांग्रेसियों में एक बार फिर उत्साह आया है। हालांकि फिलहाल शहर में संगठन की हालत अच्छी नहीं है। मुंबई कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एकनाथ गायकवाड़़ की बेटी वर्षा गायकवाड़ के शिक्षामंत्री बनने के बाद गायकवाड़ अब खुद मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी से मुक्त होना चाहते हैं। 

हिंदीभाषियों पर दांव
मुंबई में हिंदीभाषी कांग्रेस के मुख्य वोट बैंक रहे हैं। इस लिए इस पुराने वोटबैंक को वापस लाने के लिए पार्टी के अधिकांश नेताओं का मानना है कि हिंदी भाषी नेता को ही मुंबई कांग्रेस की कमान सौपी जाए। गुरुवार को कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रभारी से मुलाकात करने वाले पार्टी के प्रतिनिधि मंडल ने मुंबई कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रहे अमरजीत सिंह मनहास को मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की मांग की है। सूत्रों के अनुसार मनहास समर्थक पार्टी नेता जल्द ही पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करने दिल्ली जाएंगे।

खड़गे से मुलाकात करने वाले नेताओं में मुंबई कांग्रेस के उपाध्यक्ष जाकिर अहमद, पूर्व मंत्री चंद्रकांत हंडोरे, अमरजीत सिंह मनहास, पूर्व विधायक बलदेव खोसा, वीरेंद्र उपाध्याय, उपेंद्र दोषी, शिवजी सिंह व राजन भोसले आदि नेता शामिल थे। मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष रहे दिवंगत गुरुदास कामत के समर्थक रहे मनहास लंबे समय से पार्टी से जुड़े हैं। कामत के अध्यक्ष रहते पार्टी संगठन में मनहास की महत्वपूर्ण भूमिका रहती थी। म्हाडा (मुंबई) के अध्यक्ष रहे मनहास पार्टी के वफादार नेताओं में शामिल हैं।

फिलहाल पार्टी के अधिकांश नेता उनके पक्ष में दिखाई दे रहे हैं। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता कहते हैं कि मनहास को पार्टी की कमान सौपी गई तो निरुपम की वजह से पार्टी छोड़ कर गए कई नेताओं की ‘घर वापसी’ हो सकती है। दूसरी ओर निरुपम गुट के माने जाने वाले पूर्व विधायक चरणजीत सिंह सप्रा व विधान परिषद सदस्य भाई जगताप भी अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हैं। 

आगामी मनपा चुनाव को देखते हुए पार्टी को एक निष्ठावान व सक्षम अध्यक्ष की जरुरत है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी प्रभारी मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात कर अपनी मांग रखी है। हमें उम्मीद है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जी इस बारे में जल्द निर्णय लेंगी”
- जाकिर अहमद  उपाध्यक्ष: मुंबई कांग्रेस  

Created On :   23 Jan 2020 12:24 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story