मुंबई में जारी है हमलावर तेंदुए की तलाश 

Search for attacking leopard continues in Mumbai
मुंबई में जारी है हमलावर तेंदुए की तलाश 
25 ट्रैप कैमरे लगाए मुंबई में जारी है हमलावर तेंदुए की तलाश 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महानगर के संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के आसपास इंसानों पर लगातार हो रहे वन्य जीव के हमले के मामले में अभी भी हमलावर तेंदुआ की तलाश जारी है। इस बीच शुक्रवार को पकड़े गए तेंदुए के डीएनए सैम्पल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट से साफ हो सकेगा कि पिछले एक पखवाडे के दौरान लोगों पर लगातार हमले कर रहा तेंदुआ यहीं है अथवा दूसरा।

संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के वन अधिकारी डीबी देसले ने शनिवार को बताया कि 2 सितंबर से अब तक मुंबई में तेंदुआ हमले की चार घटनाएं सामने आई हैं जिसमें कई लोग जख्मी हुए हैं। शुक्रवार को हमने एक दो साल की मादा तेंदुए को पकड़ा है। जबकि अभी उसके जुड़वा की हमें तलाश है। इसके लिए 25 ट्रैप कैमरा और 3 पिंजरे लगाए गए हैं। इन पिंजरो में बकरे रखे गए हैं। अधिकारी ने बताया कि हमने जिस मादा तेंदुए को पकड़ा है वह शिकार की अभ्यस्त नहीं है। इस लिए भोजन की तलाश में आदमियों पर हमले कर रही थी।पकड़े गए तेंदुए को हल्की चोट लगी है जिसका इलाज किया जा रहा है। इलाज के बाद तेंदुए को फिर सुरक्षित इलाके में छोड़ दिया जाएगा।  इससे पहले गुरूवार रात को भी तेंदुआ ने एक 20 वर्षीय युवक पर हमला कर दिया था। हमले में घायल राजेश नाम के युवक को इलाज के लिए कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हमला रात साढ़े आठ बजे गोरेगांव के सुनील मैदान के पास हुआ जब राजेश अपने दोस्तों के साथ घर जा रहा था। राजेश के दोस्तों ने तेंदुआ को पत्थर मारना शुरू कर दिया इसलिए राजेश की जान बच पाई और मादा तेंदुआ भाग गई। इससे पहले बुधवार को आरे इलाके की विसावा वर्कर्स कालोनी में तेंदुए ने घर के बाहर बैठी एक 55 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया था। हालांकि निर्मलादेवी सिंह नाम की महिला ने बहादुरी दिखाते हुए छड़ी से मारकर तेंदुआ को भगा दिया था और किसी तरह उसके जबड़े से अपनी गर्दन छुड़ाने में कामयाब रही। 26 सितंबर को तेंदुए ने सुनील मिश्रा नाम के एक चार साल के बच्चे को लेकर भागने की कोशिश की लेकिन बच्चे के चाचा ने तेंदुए का पीछा किया तो वह बच्चा छोड़कर भाग गई। 

Created On :   2 Oct 2021 1:43 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story