- Home
- /
- बकरियां देखकर हॉर्न बजाया तो चालक...
बकरियां देखकर हॉर्न बजाया तो चालक का सिर फोड़ा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कपिल नगर इलाके में बकरियों को देखकर हॉर्न बजाने वाले वाहन चालक का आरोपी ने हाथ में पहने कड़े से सिर फोड़ दिया। घायल जयहिंद कपूरसिंह यादव (34) की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी बंटी हीरामन दाेरकेटवार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सुवर्ण नगर, केजीएन सोसायटी निवासी जयहिंद यादव गत 26 फरवरी को दोपहर करीब 3.30 बजे अपने दोपहिया वाहन से कहीं जा रहा था। नारी पुल, तेलरांधे के तबेले के पास बकरियां अचानक सामने आने पर जयहिंद ने हॉर्न बजाया, तो सामने एक्टिवा पर सवार आरोपी बंटी दोरकेटवार, जयहिंद यादव से उलझ गया। दोनों के बीच अनबन बढ़ने पर बंटी ने जयहिंद के सिर पर हाथ का कड़ा मारकर उसे जख्मी कर दिया। कपिल नगर थाने में आरोपी बंटी दोरकेटवार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Created On :   28 Feb 2022 10:28 AM IST