- Home
- /
- भाजपा के साथ सरकार चलाना मजबूरी :...
भाजपा के साथ सरकार चलाना मजबूरी : संजय राऊत

डिजिटल डेस्क,मुंबई। शिवसेना के वरिष्ठ नेता व सांसद संजय राऊत ने कहा है कि शिवसेना का अलग चुनाव लड़ना तय है। पार्टी मजबूरी में सरकार का हिस्सा बनी हुई है। हम भी शत-प्रतिशत शिवसेना का नारा देना चाहते हैं। इसमें गलत क्या है। शुक्रवार को एक हिंदी न्यूज चैनल के टाक शो में उन्होंने यह बात कही। राऊत ने कहा कि शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने पहले ही यह साफ कर दिया था 2019 को लोकसभा चुनाव हम अपने बल पर अलग होकर लड़ेंगे। इस भूमिका में कोई बदलाव नहीं होगा। गौरतलब है कि पिछले दिनों शिवसेना द्व्रारा अलग चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद फिर से भाजपा-शिवसेना को साथ लाने के लिए दोनों दलों के नेताओं के बीच चर्चा शुरु हुई थी। लेकिन अब राऊत ने स्पष्ट किया है कि शिवसेना की अलग चुनाव लड़ने की भूमिका में कोई बदलाव नहीं होगा।
भाजपा रहेगी नंबर-1
अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में किसको कितने सीटे मिलेंगी? इस सवाल पर राऊत ने कहा कि शिवसेना महाराष्ट्र में 20 सीटें जीतेंगी। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस को 120 सीटे मिल सकती हैं जबकि भाजपा को 60-70 सीटों का नुकसान होगा। 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 274 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस लिहाज से राऊत 2019 में भी भाजपा को सबसे बड़ा दल मान रहे हैं। राऊत ने कहा कि 2019 के चुनाव परिणाम चौकाने वाले होंगे। शिवसेना नेता ने कहा कि अब 2014 वाली मोदी लहर नहीं रही। नोटबंदी की वजह से रोजगार खत्म हुए हैं। उद्योग महाराष्ट्र के बाहर जा रहे हैं।
मिल कर लड़ेंगी कांग्रेस-राकांपा: चव्हाण
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने कहा कि गठबंधन को लेकर राकांपा के साथ हमारी बातचीत चल रही है। अभी कुछ चीजें तय होनी बाकी हैं। जबकि उनके साथ मंच पर मौजूद राकांपा नेता जीतेंद्र आव्हाण ने कहा कि दोनों दलों के बीच अंदरुनी तौर पर गठबंधन तय हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमारा बड़ा भाई है।
Created On :   23 Feb 2018 5:51 PM IST