- Home
- /
- पूर्व विधायक जाधव-प्रकाश महाजन सहित...
पूर्व विधायक जाधव-प्रकाश महाजन सहित कई शिवसेना नेता मनसे में शामिल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। औरंगाबाद के कन्नड से शिवसेना के पूर्व विधायक हर्षवर्धन जाधव व दिवंगत भाजपा नेता प्रमोद महाजन के भाई प्रकाश महाजन ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) का दामन थाम लिया है। शनिवार को मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने अपने निवास स्थान पर इन नेताओं का पार्टी में स्वागत किया। इसके अलावा नांदेड शिवसेना के पूर्व जिला प्रमुख प्रकाश कौटगे सहित अन्य नेता-कार्यकर्ता मनसे में शामिल हुए।
इस मौके पर जाधव ने कहा कि अब चंद्रकांत खैरे कभी औरंगाबाद से सांसद नहीं बन सकेंगे। बीते लोकसभा चुनाव में बतौर निर्दलिय उम्मीदवार औरंगाबाद से चुनाव लड़ने वाले जाधव ने खैरे की जमकर आलोचना की। जाधव ने कहा कि कुछ वर्षों तक मैं राह भटक गया था। अब मेरी फिर से घर वापसी हुई है। जाधव ने कहा कि शिवसेना हिंदुत्व से दूर हो रही है। इसलिए शिवसैनिक मनसे में शामिल हो रहे हैं। जाधव ने कहा कि रावसाहेब दानवे (केंद्रीय मंत्री) का दामाद मनसे में शामिल हो गया है तो मनसे भाजपा के करीब जाएगी ऐसा समझना गलत होगा।
भाजपा के वरिष्ठ नेता राव साहेब दानवे के दामाद जाधव 2009 में मनसे के टिकट पर विधायक चुने गए थे। 2014 का विधानसभा चुनाव उन्होंने शिवसेना के टिकट पर जीता था। 2019 में शिवसेना से टिकट न मिलने पर निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर औरंगाबाद से लोकसभा चुनाव लड़ा और 2 लाख 83 हजार 798 वोट हासिल किया जिसके चलते यहां से शिवसेना के चंद्रकांत खैरे को हार का सामना करना पड़ा।
राज ठाकरे की नई भूमिका को समर्थनः महाजन
प्रकाश महाजन ने कहा कि राज ठाकरे ने अब जो भूमिका अपनाई है उसे अपना समर्थन देने मैं फिर से उनके साथ आया हूं। उन्होंने कहा कि इस बात का दुख है कि बहुत दिनों तक राज साहब से दूर रहा।
Created On :   8 Feb 2020 7:27 PM IST